गर्मी में नहीं चल रही है फोन की बैटरी? बस बदल लें ये सेटिंग, परफॉर्मेंस पर भी दिखेगा असर

HIGHLIGHTS

गर्मी में स्मार्टफोन बैटरी तेजी से खत्म होना सामान्य समस्या बन गई है.

Brightness कम रखना और Battery Saver Mode इस्तेमाल करना मददगार हो सकता है.

सीधी धूप और Overheating से फोन को बचाना जरूरी माना जाता है.

भारत में गर्मी लगातार बढ़ रही है और कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. ऐसे मौसम में कई स्मार्टफोन यूजर्स तेजी से बैटरी खत्म होने, फोन गर्म होने और परफॉर्मेंस धीमी होने जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं.

इसकी सबसे बड़ी वजह Lithium-Ion बैटरी मानी जाती है, जो लगभग सभी Android और iPhone में इस्तेमाल होती है. ज्यादा गर्मी पड़ने पर फोन को खुद को ठंडा रखने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है.

गर्मी में क्यों तेजी से गिरती है बैटरी?

ज्यादातर आधुनिक स्मार्टफोन 32 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर बेहतर तरीके से काम करते हैं. जैसे ही तापमान ज्यादा बढ़ता है, फोन खुद को सुरक्षित रखने के लिए स्क्रीन की Brightness कम कर देता है, Charging धीमी कर देता है या Performance को सीमित कर देता है. इसी वजह से कई बार बैटरी प्रतिशत सामान्य दिनों की तुलना में तेजी से गिरता दिखाई देता है.

फोन की Brightness कम करना हो सकता है मददगार

गर्मी में बैटरी बचाने का सबसे आसान तरीका स्क्रीन Brightness कम करना माना जाता है. अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक बाहर रहता है, तो फोन की स्क्रीन ज्यादा बिजली इस्तेमाल करती है, खासकर सीधी धूप में. ऐसे में Auto Brightness इस्तेमाल करना या Brightness कम रखना बैटरी बचाने में मदद कर सकता है.

Battery Saver Mode चालू रखना फायदेमंद

लंबी यात्रा या ऑफिस के दौरान Battery Saver Mode चालू रखना काफी उपयोगी हो सकता है. यह फीचर Background Activity कम कर देता है और गैरजरूरी बैटरी खपत को सीमित करता है. इसके अलावा Bluetooth, Hotspot, GPS और 5G जैसी सेवाएं इस्तेमाल नहीं होने पर बंद रखना भी बैटरी बचाने में मदद कर सकता है. कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में फोन लगातार सिग्नल खोजता रहता है, जिससे बैटरी ज्यादा खर्च होती है.

Background Apps भी तेजी से खत्म करती हैं बैटरी

कई Social Media, Navigation और Shopping Apps बैकग्राउंड में लगातार Refresh होती रहती हैं, भले ही यूजर उन्हें इस्तेमाल न कर रहा हो. ऐसे Apps को बंद करना या उनकी Background Activity सीमित करना बैटरी लाइफ बढ़ा सकता है.

गर्मियों में ये गलतियां करने से बचें

विशेषज्ञों के मुताबिक फोन को कार के अंदर, खिड़की के पास या सीधी धूप में छोड़ना खतरनाक हो सकता है. बंद गाड़ियों के अंदर तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है, जिससे बैटरी की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. चार्जिंग के दौरान Gaming, Video Calling या Heavy Streaming करना भी फोन को ज्यादा गर्म कर सकता है. इससे बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. सस्ते या नकली Charger इस्तेमाल करने से भी Overheating की समस्या बढ़ सकती है.

फोन ज्यादा गर्म हो जाए तो क्या करें?

अगर फोन असामान्य रूप से ज्यादा गर्म महसूस हो रहा है, तो चार्जिंग के दौरान मोटा Cover हटाना मददगार हो सकता है. फोन को ठंडी और छायादार जगह पर रखना भी जरूरी माना जाता है. कुछ मिनट के लिए Airplane Mode चालू करना भी गर्मी कम करने में मदद कर सकता है.

हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि ज्यादा गर्म फोन को कभी फ्रिज या बर्फ के पास नहीं रखना चाहिए क्योंकि अचानक तापमान बदलने से अंदरूनी पार्ट्स खराब हो सकते हैं. गर्मी के मौसम में छोटी-छोटी सावधानियां बैटरी लाइफ को बेहतर बना सकती हैं और बार-बार Charger साथ रखने की जरूरत कम कर सकती हैं.

यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :