Redmi Turbo 5 और Motorola Edge 70 Pro+ दोनों स्मार्टफोन्स को इसी महीने भारतीय बाजार में उतारा गया है. अपनी दमदार बैटरी और MediaTek Dimensity 8500 सीरीज चिपसेट की पावर के साथ ये स्मार्टफोन्स मिड रेंज सेगमेंट में लेटेस्ट और सबसे शानदार फोन्स में गिने जा रहे हैं. बैटरी और प्रोसेसर के अलावा इनका कैमरा भी इन्हें सबसे आगे रखता है. दोनों की कीमतों में बड़ा अंतर है लेकिन ये एक-दूसरे को स्पेक्स और फीचर्स के मामले में कहीं न कहीं कड़ी टक्कर देते हैं. अगर आप नया फोन लेने की सोच रहे हैं तो Redmi Turbo 5 और Motorola Edge 70 Pro+ दोनों ही बेहतरीन हैं लेकिन कीमत के लिए कौन बेस्ट है यह देखने के लिए दोनों की तुलना करना ज़रूरी है. आइए जानते हैं ये डिवाइसेज़ एक-दूसरे से कैसे अलग हैं.
Redmi Turbo 5 एक प्रीमियम ग्लास पैनल और एल्युमीनियम फ्रेम के साथ आता है और देखने में काफी स्टाइलिश लगता है. डिस्प्ले की बात करें तो इसमें एक 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले देखने को मिलता है जो 3500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस दिखाने में सक्षम है. इसके डिस्प्ले में 120Hz तक का रिफ्रेश रेट देखने को मिलता है. इसके साथ ही अपनी स्क्रीन को सुरक्षित रखने के लिए इसमें गोरिल्ला ग्लास 7i की प्रोटेक्शन मिलती है.
Motorola Edge 70 Pro+ सैटिन लक्स फिनिश, ट्विल इंस्पायर्ड और स्कल्प्टेड वुड फिनिश के तीन बैक पैनल्स के साथ आया है. यह फोन भी अपने अन्य लाइनअप की तरह अपने खूबसूरत पैंटोन वैलिडेटेड रंगों के लिए जाना जाता है। इसमें प्लास्टिक फ्रेम दिया गया है। इसमें एक 6.8 इंच की एक्सट्रीम AMOLED स्क्रीन मिलती है जो सुपर HD (1.5K) रेज़ोल्यूशन के साथ आती है. यह 144Hz तक रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स पीक ब्राइटनेस देती है। सुरक्षा के लिए यह गोरिल्ला ग्लास 7i से प्रोटेक्टेड है.
बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए Redmi Turbo 5 में MediaTek का दमदार Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर देखने को मिलता है जो Mali G720 GPU के साथ आता है. इसमें 8GB से लेकर 12GB तक की RAM का ऑप्शन मिलता है. बात करें ऑपरेटिंग सिस्टम की तो इसमें Android का v16 ऑपरेटिंग सिस्टम देखने को मिलता है और यह HyperOS कस्टम UI के साथ आता है.
वहीं Motorola Edge 70 Pro+ एक Mediatek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर से लैस है। इसे 12GB तक LPDDR5X RAM और 256GB UFS 4.1 स्टोरेज के साथ पेयर किया गया है. फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 4600mm2 वेपर कूलिंग चैंबर भी मौजूद है. यह लेटेस्ट Android 16 पर काम करता है. कंपनी इसके साथ 3 साल के OS अपग्रेड्स और 5 साल के सिक्योरिटी पैच देने का वादा कर रही है.
फोटोग्राफी के लिए 50MP के प्राइमरी कैमरा और 8MP के अल्ट्रा वाइड एंगल के साथ आने वाले Redmi Turbo 5 का रियर कैमरा काफी अच्छी तस्वीरें खींचने में माहिर है और इसके साथ ही इसमें 20MP का एक बेहतरीन फ्रंट कैमरा देखने को मिलता है.
इसकी तुलना में Motorola Edge 70 Pro+ में एडवांस 50MP प्राइमरी सेंसर, 50MP अल्ट्रावाइड लेंस और एक डेडिकेटेड 3-इन-1 लाइट सेंसर मिलता है. यह सेल्फी के लिए फ्रंट पर भी 50MP का कैमरा है. सभी कैमरे 60fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं.
Redmi Turbo 5 बैटरी के मामले में आगे है और इसमें 7540mAh की बड़ी और दमदार बैटरी के साथ ही 100W तक की हाइपर चार्जिंग देखने को मिलती है जो करीब आधे घंटे में 51 प्रतिशत तक बैटरी को चार्ज कर देती है.
Motorola Edge 70 Pro+ में 6500mAh की बैटरी लगी हुई है जो कंपनी का दावा है कि 2 दिन से ज्यादा चल सकती है. यह 90W फ़ास्ट वायर्ड चार्जिंग और 15W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है.
यह भी पढ़ें: Oppo Reno 16 Series का इंडिया लॉन्च जल्द, फोन के पीछे अलग से चिपका सकेंगे डिस्प्ले, देखें और क्या होगा खास