Realme ने भारत में अपनी P4 सीरीज का नया स्मार्टफोन realme P4s 5G लॉन्च कर दिया है। यह मिड-रेंज P4 लाइनअप का आठवां मॉडल है। फोन की सेल 3 सितंबर से Flipkart पर शुरू होगी। इस सेगमेंट में इसका सीधा मुकाबला iQOO Z11 5G से है जो हाल ही में इसके सामान कीमत पर लॉन्च हुआ है। दोनों स्मार्टफोन में 1.5K डिस्प्ले, 5G कनेक्टिविटी, बड़ी बैटरी और 12GB तक RAM जैसे फीचर्स मिलते हैं। आइए realme P4s 5G और iQOO Z11 5G की कीमत और स्पेसिफिकेशन्स के आधार पर तुलना करते हैं।
realme P4s 5G में 6.78 इंच का 1.5K Samsung M14 AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसका रिजॉल्यूशन 1,272×2,772 पिक्सल है और यह 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले में 450ppi पिक्सल डेंसिटी और HDR10+ सपोर्ट मिलता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 6,500 निट्स तक है। फोन को IP66, IP68 और IP69 रेटिंग मिली है। realme P4s 5G को Electric Cyan और Titanium Grey कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। फोन का वजन करीब 208 ग्राम और डाइमेंशन 162.6×77.6×8.6mm है।
वहीं, iQOO Z11 5G में 6.83 इंच का 1.5K 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसमें भी 144Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है और HBM में इसकी ब्राइटनेस 2,000 निट्स तक है। डिस्प्ले को SGS Low Blue Light, Low Flicker और Five-Star Sunlight Display सर्टिफिकेशन मिले हैं। iQOO Z11 5G का वजन 199 ग्राम है और इसका डाइमेंशन 164.42×75.25×7.99mm है। फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है।
realme P4s 5G में MediaTek Dimensity 7400 Ultra चिपसेट दिया गया है। गेमिंग के लिए इसमें Hyper Vision+ AI चिप भी दी गई है। फोन में 12GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। RAM को 14GB तक एक्सपेंड किया जा सकता है। थर्मल मैनेजमेंट के लिए फोन में AirFlow वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है। इसमें 7,000 वर्ग मिलीमीटर का हीट डिसिपेशन एरिया और 13,624 वर्ग मिलीमीटर का ग्रेफाइट एरिया मिलता है।
iQOO Z11 5G में MediaTek Dimensity 7500 Turbo चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 12GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। फोन में 3,800 वर्ग मिलीमीटर का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है, जिसे कंपनी अपनी Z सीरीज में पहली बार इस्तेमाल किया गया वेपर चैंबर बताती है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो realme P4s 5G Realme UI 7.0 पर चलता है, जो Android 16 पर आधारित है। कंपनी फोन के लिए तीन साल के OS अपग्रेड और चार साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है। iQOO Z11 5G Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है। कंपनी तीन साल के OS अपग्रेड और पांच साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
realme P4s 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा है, जिसमें टू-एक्सिस ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) और 77.9 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू मिलता है। इसके साथ 112 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 8 मेगापिक्सल f/2.2 अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में f/2.4 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा मिलता है। रियर और फ्रंट कैमरा दोनों से 4K वीडियो 30fps पर रिकॉर्ड किया जा सकता है।
iQOO Z11 5G में 50 मेगापिक्सल का Sony IMX882 मेन कैमरा दिया गया है। इसमें OIS और f/1.79 अपर्चर मिलता है। इसके साथ 115 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 8 मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड कैमरा है। सेल्फी के लिए फोन में 84 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 32 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है। फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो 30fps पर रिकॉर्ड किया जा सकता है।
realme P4s 5G में 8,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। वहीं, iQOO Z11 5G में 7,050mAh की बैटरी मिलती है। यह 44W FlashCharge को सपोर्ट करती है।
कनेक्टिविटी के मामले में Realme P4s 5G में 5G, 4G LTE, Wi-Fi 5, Bluetooth 5.4 और USB Type-C पोर्ट मिलता है। इसमें Beidou, GPS, GLONASS, Galileo और QZSS भी दिए गए हैं। iQOO Z11 5G में 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6, Bluetooth 5.4, GPS और USB Type-C कनेक्टिविटी मिलती है।
realme P4s 5G की भारत में कीमत 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट के लिए 34,999 रुपये है। इसका 8GB + 256GB मॉडल 37,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट 41,999 रुपये में आता है। कंपनी HDFC Bank, ICICI Bank और SBI कार्ड्स पर 3,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दे रही है। फोन की बिक्री 3 सितंबर को दोपहर 12 बजे Flipkart के जरिए शुरू होगी।
iQOO Z11 5G की कीमत 6GB RAM + 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल के लिए 34,999 रुपये से शुरू होती है। इसके 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये और 8GB + 256GB मॉडल की कीमत 44,999 रुपये है। टॉप-एंड 12GB + 256GB वेरिएंट 49,999 रुपये में आता है।
यह भी पढ़ें: Poco M8x 5G vs OnePlus N6 5G: डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी और कीमत की तुलना