Realme P4R vs Vivo T4R vs Moto G67 Power: डिज़ाइन, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

By

Realme ने पिछले हफ्ते भारतीय बाजार में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Realme P4R 5G लॉन्च किया था। यह फोन बड़ी 8,000mAh बैटरी और दमदार बिल्ड क्वालिटी के साथ आता है। दूसरी ओर, Vivo T4R 5G पिछले साल लॉन्च हुआ था और अपने स्लिम डिजाइन, AMOLED डिस्प्ले और बेहतर कैमरा सेटअप की वजह से चर्चा में रहा। नवंबर 2025 में आया Moto G67 Power भी इसी प्राइस रेंज का एक फीचर-पैक्ड 5G फोन है जो लंबी बैटरी लाइफ और भरोसेमंद मल्टीमिडिया पर खास ध्यान देता है। तीनों फोन डिज़ाइन, स्पेक्स और कीमत के मामले में एक-दूसरे को आमने-सामने की टक्कर देते हैं। अगर आप 20,000 रुपये के आसपास नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि Realme P4R, Vivo T4R और Moto G67 Power में कौन-सा फोन ज्यादा बेहतर साबित होता है।

Realme P4R 5G vs Vivo T4R 5G vs Moto G67 Power 5G

डिज़ाइन और डिस्प्ले

डिजाइन के मामले में Vivo T4R ज्यादा प्रीमियम नजर आता है। यह सिर्फ 7.39mm मोटा है और इसका वजन 183.5 ग्राम है, जिससे इसे लंबे समय तक इस्तेमाल करना आसान हो जाता है। फोन में 6.77-इंच का क्वाड-कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो Full HD+ रेजोल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,800 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आता है।

वहीं Realme P4R 5G में 6.8-इंच का बड़ा सनलाइट डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। हालांकि इसका डिस्प्ले AMOLED नहीं है, लेकिन ज्यादा रिफ्रेश रेट गेमिंग और स्क्रॉलिंग के दौरान स्मूद अनुभव देता है।

Moto G67 Power में 6.7-इंच FHD+ LCD डिस्प्ले मौजूद है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। इसे 1050 निट्स की पीक ब्राइटबेस मिलती है। मजबूती के मामले में तीनों फोन MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन के साथ आते हैं, जबकि Vivo को IP68/IP69 रेटिंग, Realme को IP65 रेटिंग और Motorola को IP64 रेटिंग मिली है।

परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर

Realme P4R 5G में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 6GB तक LPDDR4X RAM के साथ जोड़ा गया है। फोन लेटेस्ट Android 16 आधारित Realme UI 7.0 पर चलता है और इसमें 5,300mm एयरफ्लो वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम मिलता है।

दूसरी तरफ Vivo T4R में ज्यादा दमदार MediaTek Dimensity 7400 5G चिपसेट दिया गया है, जो 12GB तक RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आता है। Vivo का दावा है कि यह 20,000 रुपये से कम कीमत में सबसे तेज Android स्मार्टफोन है। फोन Android 15 आधारित Funtouch OS 15 पर चलता है और इसे 2 साल के Android अपडेट तथा 3 साल के सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे।

वहीं Moto G67 Power स्मार्टफोन Qualcomm Snapdragon 7s Gen 2 पर चलता है, जो 12GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज ऑफर करता है। यह भी Android 15 पर काम करता है और Android पर अपग्रेड हो सकता है।

कैमरा में किसका दबदबा?

फोटोग्राफी के लिए Realme P4R 5G में 50MP AI डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसके साथ AI Eraser 2.0, AI Ultra Clarity, AI Unblur और AI Portrait Glow जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेल्फी के लिए इसमें 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

वहीं Vivo T4R में 50MP Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर और 2MP डेप्थ सेंसर मिलता है। खास बात यह है कि इसका 32MP फ्रंट कैमरा और रियर कैमरा दोनों 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं।

जबकि Moto G67 Power एक 50MP Sony LYTIA 600 प्राइमरी कैमरा, 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा और 32MP का फ्रंट कैमरा के साथ आता है। बेहतर सेंसर, हाई-रिजॉल्यूशन सेल्फी कैमरा और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट की वजह से कैमरा विभाग में Vivo T4R और Moto G67 Power आगे दिखाई देते हैं।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी के मामले में Realme P4R 5G सबसे बड़ा आकर्षण है। इसमें 8,000mAh की बड़ी टाइटन बैटरी दी गई है, जिसे कंपनी तीन दिन तक चलने का दावा करती है। फोन 45W फास्ट चार्जिंग, रिवर्स वायर्ड चार्जिंग और बायपास चार्जिंग फीचर के साथ आता है। कंपनी ने 7 साल तक बैटरी हेल्थ बनाए रखने का भी दावा किया है।

दूसरी ओर Vivo T4R में 5,700mAh बैटरी दी गई है, जो 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसमें भी बायपास चार्जिंग फीचर मौजूद है, लेकिन बैटरी क्षमता के मामले में यह Realme से काफी पीछे है।

इनकी तुलना में Moto G67 Power में 7000mAh की बैटरी है जो 30W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। अगर आपकी प्राथमिकता लंबी बैटरी लाइफ है, तो सबसे Realme P4R 5G बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

भारत में कीमत

Realme P4R 5G की शुरुआती कीमत 18,999 रुपये है। इसका 6GB + 128GB वेरिएंट 20,999 रुपये और 6GB + 256GB मॉडल 22,999 रुपये में उपलब्ध होगा। लॉन्च ऑफर के तहत 2,000 रुपये का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।

वहीं Vivo T4R की कीमत 8GB + 128GB वेरिएंट के लिए 17,499 रुपये से शुरू होती है। इसके 8GB + 256GB और 12GB + 256GB मॉडल क्रमशः 19,499 रुपये और 21,499 रुपये में उपलब्ध हैं।

Moto G67 Power की शुरुआती कीमत 8GB + 128GB वेरिएंट के लिए 15,999 रुपये है। जबकि इसका 8GB + 256GB मॉडल 18,999 रुपये के आसपास आता है।

यह भी पढ़ें: Realme P4R vs OnePlus Nord CE 6 Lite vs Moto G37 Power: डिज़ाइन, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By