मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में Realme, Samsung और Vivo के पास ऐसे मॉडल हैं जो बड़े डिस्प्ले, दमदार बैटरी और 5G कनेक्टिविटी के साथ आते हैं। Realme 16T, Samsung Galaxy F70 Pro 5G और Vivo T5 Pro 5G की कीमतें भी एक-दूसरे के काफी करीब हैं, लेकिन इनके स्पेसिफिकेशन्स में कई बड़े अंतर देखने को मिलते हैं। Realme 16T में 144Hz डिस्प्ले और 8,000mAh बैटरी मिलती है, Samsung Galaxy F70 Pro 5G में Super AMOLED पैनल और लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट दिया गया है, जबकि Vivo T5 Pro 5G सबसे ज्यादा 5,000 निट्स की लोकल पीक ब्राइटनेस और 90W फास्ट चार्जिंग के साथ आता है। आइए जानते हैं इन तीनों फोन में कौन किस मामले में आगे है।
डिस्प्ले के मामले में Realme 16T में 6.8 इंच का LCD पैनल दिया गया है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट, 180Hz टच सैंपलिंग और HBM में 1,200 निट्स तक ब्राइटनेस मिलती है। स्क्रीन का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.4 प्रतिशत है और यह 16.7 मिलियन कलर्स सपोर्ट करती है। फोन में Sun Display, DC डिमिंग, Eye Protection Mode और अलग-अलग ऐप्स के लिए रिफ्रेश रेट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी हैं। सुरक्षा के लिए Panda Glass दिया गया है। फोन का IP69 रेटिंग और मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेजिस्टेंस भी मिलता है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G में 6.7 इंच का Full HD+ Super AMOLED डिस्प्ले है। यह स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है और इसकी सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass Victus+ दिया गया है। तीनों में Samsung का पैनल LCD के बजाय AMOLED होने के कारण बेहतर कॉन्ट्रास्ट प्रदान करता है।
वहीं Vivo T5 Pro 5G में सबसे बड़ा 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसका रिफ्रेश रेट 144Hz तक है और लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक जाती है। इसमें 2,160Hz PWM डिमिंग, HDR10+, 449ppi पिक्सल डेंसिटी, स्लीप कम्फर्ट और ऐंटी-मोशन सिकनेस मोड भी दिए गए हैं। फोन को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है।
परफॉर्मेंस के लिए Realme 16T में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर लगाया गया है। इसे 8GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज के साथ पेश किया गया है। फोन Android 16 आधारित Realme UI 7 पर चलता है। इसमें स्प्लिट-स्क्रीन, फ्लोटिंग विंडो, स्क्रीन रिकॉर्डिंग और OPPO Share जैसे फीचर्स मिलते हैं। गेमिंग के दौरान हीट मैनेजमेंट के लिए 13,280 वर्ग मिमी के कुल हीट डिसिपेशन एरिया वाला वेपर चैंबर और ग्रेफाइट कूलिंग सिस्टम दिया गया है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G में 4nm Snapdragon 6 Gen 3 चिपसेट मिलता है। यह फोन 8GB तक LPDDR5x RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज के साथ आता है। सॉफ्टवेयर के लिए इसमें Android 16 आधारित One UI 8.5 दिया गया है। Samsung ने इस फोन के लिए छह साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। इसके अलावा Galaxy AI के Circle to Search, Gemini वॉयस असिस्टेंट, AI वॉयस ट्रांसक्रिप्शन और Now Bar जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
Vivo T5 Pro 5G इन तीनों में ज्यादा पावरफुल चिपसेट के साथ आता है। इसमें Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.7GHz है। फोन में 12GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक स्टोरेज मिलता है। कंपनी के मुताबिक इस फोन ने AnTuTu पर 11.80 लाख से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। हीट मैनेजमेंट के लिए 7,000 वर्ग मिमी का VC कूलिंग सिस्टम दिया गया है। फोन Android 16 आधारित ColorOS 16 पर चलता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Realme 16T में डुअल रियर कैमरा मिलता है। इसमें 50MP Sony IMX852 मेन कैमरा f/1.8 अपर्चर और ऑटोफोकस के साथ दिया गया है। इसके साथ 2MP मोनोक्रोम सेंसर है। कैमरा सिस्टम में Realme का LumaColor IMAGE Engine AI प्रोसेसिंग का इस्तेमाल करता है, जिससे स्किन टोन, टेक्सचर और डायनैमिक रेंज बेहतर करने का दावा किया गया है। फ्रंट में 16MP सेल्फी कैमरा है। रियर कैमरे से सेल्फी लेने में मदद के लिए Selfie Mirror फीचर भी दिया गया है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। इसका मेन कैमरा 50MP का है और इसमें OIS सपोर्ट मिलता है। इसके साथ 5MP अल्ट्रा-वाइड और 2MP मैक्रो कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए 12MP फ्रंट कैमरा मिलता है, जो HDR सपोर्ट करता है।
वहीं Vivo T5 Pro 5G में 50MP Sony IMX882 मुख्य कैमरा दिया गया है, जिसमें OIS और 10x तक लॉसलेस जूम सपोर्ट मिलता है। इसके साथ 2MP Bokeh कैमरा है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
बैटरी के मामले में Realme 16T में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। यह 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन में Bypass Charging और 6.5W तक वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी मिलता है। Realme का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर फोन तीन दिन तक चल सकता है। कंपनी के अनुसार फुल चार्ज होने में लगभग 104 मिनट लगते हैं।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G में 6,000mAh बैटरी है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक यह फोन एक चार्ज में 24 घंटे से ज्यादा YouTube वीडियो स्ट्रीमिंग, 8 घंटे से ज्यादा गेमिंग या करीब 12 घंटे सोशल मीडिया इस्तेमाल कर सकता है।
Vivo T5 Pro 5G में तीनों में सबसे बड़ी 9,020mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है। इसके साथ 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग मिलती है। यानी बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड दोनों के मामले में Vivo सबसे आगे है।
भारत में Realme 16T की शुरुआती कीमत 29,999 रुपये है। इसमें 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है। इसका 8GB + 128GB मॉडल 31,999 रुपये और 8GB + 256GB वेरिएंट 34,999 रुपये में आता है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G का बेस मॉडल 6GB RAM + 128GB स्टोरेज के साथ 25,999 रुपये में उपलब्ध है। इसके 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 29,999 रुपये और 8GB + 256GB मॉडल की कीमत 34,999 रुपये है।
वहीं Vivo T5 Pro 5G की कीमत 8GB + 128GB मॉडल के लिए 29,999 रुपये से शुरू होती है। इसका 8GB + 256GB वेरिएंट 33,999 रुपये और 12GB + 256GB मॉडल 39,999 रुपये में मिलता है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy M17, Galaxy F17 समेत इन 4 फोन्स की कीमत फिर बढ़ी, जानें अब कितने महंगे हुए