अगर आपने कभी iPhone इस्तेमाल करते हुए स्क्रीन के ऊपर एक छोटा सा हरा या नारंगी डॉट देखा है और उसे नजरअंदाज कर दिया है, तो अब ध्यान देना शुरू कर दीजिए. ये कोई साधारण संकेत नहीं हैं, बल्कि आपकी प्राइवेसी से सीधे जुड़े हुए फीचर हैं, जिन्हें Apple ने खास तौर पर यूजर्स को सतर्क रखने के लिए बनाया है.
जब भी स्क्रीन के टॉप पर हरा डॉट दिखता है, इसका मतलब होता है कि कोई ऐप आपके iPhone के कैमरे का इस्तेमाल कर रहा है. यह स्थिति आमतौर पर तब होती है जब आप फोटो ले रहे होते हैं, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे होते हैं या वीडियो कॉल पर होते हैं. अगर कैमरा और माइक्रोफोन दोनों साथ में इस्तेमाल हो रहे हों, तब भी iPhone सिर्फ हरा डॉट ही दिखाता है.
वहीं नारंगी डॉट यह संकेत देता है कि आपका माइक्रोफोन एक्टिव है. यानी कोई ऐप आपकी आवाज रिकॉर्ड कर रहा है या सुन रहा है. यह तब दिखता है जब आप कॉल पर होते हैं, वॉयस नोट रिकॉर्ड करते हैं या Siri का इस्तेमाल करते हैं.
ज्यादातर समय ये डॉट्स तब ही दिखाई देते हैं जब आप खुद कोई ऐसा ऐप इस्तेमाल कर रहे होते हैं. लेकिन अगर आपको ये संकेत तब दिखें जब आपने कोई ऐसा ऐप खोला ही नहीं है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. इसका मतलब हो सकता है कि कोई ऐप बैकग्राउंड में आपके कैमरा या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहा है.
ऐसे में आप तुरंत चेक कर सकते हैं कि कौन सा ऐप जिम्मेदार है. इसके लिए बस स्क्रीन के टॉप-राइट से नीचे स्वाइप करके कंट्रोल सेंटर खोलिए. यहां ऊपर आपको उस ऐप का नाम दिख जाएगा जिसने हाल ही में कैमरा या माइक्रोफोन एक्सेस किया है.
अगर आपको कोई ऐप संदिग्ध लगे, तो आप उसकी परमिशन तुरंत बंद कर सकते हैं. इसके लिए सेटिंग्स में जाकर Privacy & Security सेक्शन खोलें और Camera या Microphone ऑप्शन में जाकर देखें कि किन-किन ऐप्स को एक्सेस दिया गया है. वहां से आप किसी भी ऐप की परमिशन हटा सकते हैं.
एक जरूरी बात यह है कि इन ग्रीन और ऑरेंज डॉट्स को बंद नहीं किया जा सकता. ये iOS सिस्टम का स्थायी हिस्सा हैं और आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा एक्टिव रहते हैं.
आज के समय में जब डेटा प्राइवेसी सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है, ऐसे छोटे-छोटे संकेत आपको बड़े खतरे से बचा सकते हैं. इसलिए अगली बार जब भी ये डॉट दिखे, उसे नजरअंदाज मत कीजिए.
यह भी पढ़ें: फौरन मिलेगा ट्रेन का तत्काल टिकट, बड़े काम की है ये छोटी-सी ट्रिक, आज ही नोट कर लें तरीका