स्मार्टफोन खरीदते समय अगर आप बड़ी बैटरी, शानदार डिस्प्ले और अच्छे कैमरे को सबसे ज्यादा अहमियत देते हैं, तो Honor X9e Pro और Redmi Note 17 Pro दोनों आपका ध्यान खींच सकते हैं। Honor ने अपने नए फोन में 11,000mAh की बड़ी बैटरी और 108MP कैमरा देकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। वहीं, Redmi Note 17 Pro भी 9,000mAh बैटरी, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और दमदार फीचर्स के साथ आता है। दोनों फोन में Qualcomm Snapdragon प्रोसेसर मिलता है, लेकिन कैमरा, चार्जिंग और कुछ अन्य फीचर्स के मामले में अंतर है। Redmi का फोन भारत में लॉन्च हो चुका है, जबकि Honor X9e Pro फिलहाल विदेशी बाजारों में उपलब्ध है। ऐसे में सवाल यह है कि स्पेसिफिकेशन्स के मामले में कौन-सा फोन आगे है और कीमत के हिसाब से किसमें ज्यादा दम है? आइए दोनों की तुलना करते हैं।
Honor X9e Pro में 6.8 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है, यह स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट को सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, फोन की स्क्रीन 10,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस से लैस है। यह Royal Purple, Reddish Brown, Dawn Gold और Midnight Black कलर ऑप्शन में खरीदने के लिए आया है। इसके अलावा फोन की सुरक्षा के लिए इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ SGS की 5-स्टार ड्रॉप रेजिस्टेंस सर्टिफिकेशन मिलती है।
दूसरी ओर, Redmi Note 17 Pro में 6.83 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलती है, यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट से लैस है। इसमें 12-बिट कलर डेप्थ, Dolby Vision, HDR10+ और 3,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass Victus 2 इसके साथ मिलता है। यह Cloud Blue, Purple Vibe और Stealth Black कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। इसमें भी IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ ड्रॉप रेजिस्टेंस सर्टिफिकेशन मिलती है।
Honor X9e Pro में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 4nm प्रोसेस पर निर्मित किया गया है। यह ऑक्टा-कोर चिपसेट 2.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम करता है और ग्राफिक्स के लिए Adreno 812 GPU मिलता है। UAE में फोन को 8GB और 12GB रैम के साथ 256GB स्टोरेज ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है। स्मार्टफोन Android 16 पर MagicOS 10 के साथ आता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, Wi-Fi 6, Bluetooth 6.1 और NFC जैसे फीचर्स मिलते हैं।
वहीं, Redmi Note 17 Pro में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है। यह भी 4nm प्रोसेसर पर निर्मित है। भारत में यह फोन 8GB LPDDR4X रैम के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज ऑप्शन में उपलब्ध है। खास बात यह है कि इसके 128GB वेरिएंट में UFS 2.2 और 256GB वेरिएंट में UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। फोन Android 16 पर आधारित HyperOS 3 पर चलता है। कंपनी ने इसके लिए चार साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, डुअल-बैंड Wi-Fi और Bluetooth 5.1 का सपोर्ट मिलता है।
Honor X9e Pro में बैक पैनल पर एक डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/1.75 अपर्चर वाला 108MP का प्राइमरी कैमरा मिलता है, जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन यानी OIS को सपोर्ट करता है। कंपनी ने इसमें CIPA 6.0 लेवल स्टेबिलाइजेशन का भी दावा किया है। इसके साथ 5MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है, जिसका अपर्चर f/2.2 है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
दूसरी ओर, Redmi Note 17 Pro में 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा मिलता है, जिसका अपर्चर f/1.8 है और यह OIS सपोर्ट के साथ आता है। इसके अलावा, 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें भी 16MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है। हालांकि, वीडियो रिकॉर्डिंग के मामले में यह फोन 30fps पर 1080p तक ही लिमिटेड है।
Honor X9e Pro की सबसे बड़ी खासियत इसकी 11,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। कंपनी का दावा है कि सामान्य इस्तेमाल में यह फोन तीन दिन तक चल सकता है। चार्जिंग के लिए इसमें 80W SuperCharge फास्ट चार्जिंग मिलती है। इतना ही नहीं, फोन 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी सपोर्ट करता है, जिससे जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस को चार्ज किया जा सकता है। कंपनी ने बैटरी को लंबे समय तक इस्तेमाल करने के हिसाब से डिजाइन करने की भी बात कही है।
Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है। यह 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि हल्के इस्तेमाल में इसकी बैटरी साढ़े तीन दिन से ज्यादा चल सकती है। इसमें Xiaomi Surge G1 बैटरी मैनेजमेंट चिप भी मिलती है। इसके अलावा, कंपनी फोन के साथ बॉक्स में 67W का चार्जर देती है।
Honor X9e Pro को फिलहाल भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं किया गया है। यह स्मार्टफोन UAE सहित कुछ विदेशी बाजारों में उपलब्ध है। UAE में इसके 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत AED 1,499 यानी करीब 38,840 रुपये है। वहीं, 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट AED 1,799 यानी लगभग 46,615 रुपये में उपलब्ध है।
Redmi Note 17 Pro को भारत में सितंबर 2026 में लॉन्च किया गया था। लॉन्च के समय इसके 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 33,999 रुपये और 8GB रैम के साथ 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 36,999 रुपये रखी गई थी। हालांकि, Xiaomi की आधिकारिक वेबसाइट पर अब इन दोनों वेरिएंट्स की कीमत क्रमशः 36,999 रुपये और 39,999 रुपये दिखाई जा रही है। बैंक ऑफर्स के साथ कीमत में अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: Vivo Y600 vs Motorola Edge 70 Fusion: डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना