Smartphone Charging: आज के समय में फोन चार्ज करना एक रोज़मर्रा की जरूरत बन चुका है. लेकिन कई बार Android फोन सही तरीके से चार्ज नहीं होता है. जिसकी वजह से यूजर्स परेशान हो जाते हैं. इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं, जैसे गंदा चार्जिंग पोर्ट, खराब केबल, सॉफ्टवेयर गड़बड़ी या किसी थर्ड पार्टी ऐप का असर.
अच्छी बात यह है कि हर बार सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं होती. कुछ बेसिक चीजें चेक करके आप खुद ही इस समस्या को ठीक कर सकते हैं. सबसे पहले अपने फोन के चार्जिंग पोर्ट को ध्यान से देखें. कई बार धूल या गंदगी जमा होने से केबल ठीक से फिट नहीं होती है. इसे साफ करने के लिए बहुत हल्के हाथ से छोटा ब्रश या लकड़ी का टूथपिक इस्तेमाल करें. किसी भी तरह की धातु वाली चीज जैसे पिन या पेपर क्लिप का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, इससे अंदर का हिस्सा खराब हो सकता है.
फोन का कवर भी कई बार चार्जिंग में रुकावट बनता है. कवर हटाकर एक बार फोन चार्ज करके देखें. अगर फोन चार्ज नहीं हो रहा, तो उसे एक बार बंद करके करीब पांच मिनट बाद दोबारा चालू करें. कई बार साधारण रीस्टार्ट से भी समस्या ठीक हो जाती है.
चार्जर एडॉप्टर को दीवार के सॉकेट में ठीक से लगाना भी जरूरी है. कई बार ढीला कनेक्शन होने से चार्जिंग सही से नहीं होती है. केबल और चार्जिंग पोर्ट भी समस्या का कारण हो सकते हैं. एक अलग केबल या दूसरे सॉकेट से फोन चार्ज करके देखें. अगर नया केबल या सॉकेट काम कर रहा है, तो समझ जाएं कि पुराना खराब था.
नमी भी एक बड़ी वजह हो सकती है. अगर चार्जिंग पोर्ट में पानी या नमी है, तो फोन खुद ही चार्जिंग रोक देता है ताकि डैमेज न हो. ऐसे में सूखे और मुलायम कपड़े से पोर्ट को साफ करें और कम से कम 24 घंटे तक उसे सूखने दें.
हमेशा ओरिजिनल और सही चार्जर का इस्तेमाल करें. खराब या टूटा हुआ केबल फोन को नुकसान पहुंचा सकता है और चार्जिंग स्लो कर सकता है.
अगर आपका फोन वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो उसे वायरलेस तरीके से चार्ज करके देखें. इससे पता चल सकता है कि समस्या केबल में है या फोन में.
सॉफ्टवेयर भी कई बार वजह बनता है. इसलिए अपने फोन को हमेशा लेटेस्ट Android अपडेट पर रखें और सभी ऐप्स को अपडेट करते रहें.
कई बार कोई थर्ड पार्टी ऐप बैकग्राउंड में दिक्कत पैदा करता है. इसे चेक करने के लिए फोन को Safe Mode में चलाएं. अगर Safe Mode में फोन सही चार्ज हो रहा है, तो हाल ही में इंस्टॉल किया गया कोई ऐप समस्या का कारण हो सकता है.
कुछ फोन में “Adaptive Charging” या “Battery Protection” फीचर होता है, जो चार्जिंग को सीमित कर सकता है. जरूरत पड़े तो इसे बंद करके देखें.
लैपटॉप जैसे लो-पावर सोर्स से चार्ज करना भी फोन को सही से चार्ज नहीं होने देता, इसलिए इसे अवॉइड करें.
अगर इन सबके बाद भी फोन चार्ज नहीं हो रहा, तो संभावना है कि हार्डवेयर में दिक्कत हो, जैसे चार्जिंग पोर्ट के अंदर पिन खराब होना. ऐसे में किसी अधिकृत सर्विस सेंटर से जांच कराना ही सही रहेगा.
यह भी पढ़ें: AC खरीदने का है प्लान? आ गया तगड़ा ऑफर, कौड़ियों के दाम में ले आइए घर, घर को बना देगा एकदम ठंडा