आजकल 15 से 20 हजार रुपये के बीच स्मार्टफोन एक स्मार्टफोन को मोबाइल फोन्स की भीड़ में पहचानना और इसके बाद खरीदना कोई आसान काम नहीं है। बाजार में इस समय इतने सारे ऑप्शन मौजूद हैं, आपका सिर ही घूम जाने वाला है। स्मार्टफोन्स की लंबी लिस्ट को देखकर कोई भी असमंजस में पड़ सकता है कि आखिर किस फोन को चुना जाए। असल में, सभी कंपनी अपने अपने फोन्स में कुछ न कुछ खास जरूर देती हैं, फिर चाहे वह पुरानी स्मार्टफोन्स निर्माता हो या नई। इस समय सभी फोन्स में कुछ न कुछ ऐसा जरूर मिलता है, जो उसे बाकियों से अलग बनाता है। हालांकि, फोन कितना ही सस्ता और कितना ही महंगा क्यों न खरीद लिया जाए, उसका असली रंग तभी सामने आता है, जब उसे इस्तेमाल करना शुरू किया जाता है। अब जैसे बाजार में कुछ समय पहले लॉन्च हुए Ai+ Nova 2 Power की खासियत इसकी कम प्राइस में ज्यादा क्षमता यानि 7000mAh की बैटरी है। लेकिन क्या यह फोन 17000 रुपये के आसपास के प्राइस में आपके लिए बाजार में इस समय एक बेस्ट ऑप्शन है। इसी का जवाब आज यहाँ आपको मिलने वाला है। चाहिए इस फोन के बारे में बारीकी से जानते हैं और समझते हैं कि अगर आप इसे खरीदने वाले हैं तो इसे क्यों खरीदना चाहिए और क्यों नहीं खरीदना चाहिए।
वैसे तो फोन की सबसे बड़ी खासियत को पढ़कर ही आप लोग नीचे की ओर से आए हैं, लेकिन इसके अलावा भी इस फोन की कुछ अन्य खासियत हैं। इसमें MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर को जगह दी है। इसके अलावा फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन और 48MP का सोनी कैमरा भी मिलता है। मैंने इस फोन को कुछ दिनों के लिए अपने प्राइमरी स्मार्टफोन की तरह इस्तेमाल किया है। इसके बाद मुझे इस फोन को लेकर क्या लगता है, मैं उसे आपके साथ भी शेयर करने वाला हूँ। आइए इसके डिजाइन से शुरू करते हैं और जानते हैं कि यह फोन आपके लिए कैसा होने वाला है।
बैटरी जबरदस्त है। एक दिन से ज्यादा चलने में सक्षम।
Dimensity 7100 प्रोसेसर के गेमिंग की जा सकती है।
फोन देखने में आकर्षक लगता है, डिजाइन अच्छा है।
स्क्रीन क्वालिटी और शार्पनेस में सुधार किए जा सकते थे।
ऐप्स और स्क्रॉलिंग में दिक्कतें महसूस हो सकती हैं।
कम रोशनी में फोटो और पोर्ट्रेट की क्वालिटी गिरती है।
Ai+ Nova 2 Power का डिजाइन देखने में मुझे अच्छा लगा है। असल में, एक 15000 रुपये के आसपास के प्राइस में आने वाले फोन से ज्यादा उम्मीद करना भी ज्यादा ही होगा। ऐसे में, इसके डिजाइन को पहली नजर में देखने पर आपको भी यह पसंद आने वाला है। फोन का बैक पैनल चमकदार है और रोशनी पड़ने पर काफी आकर्षक नजर आता है। कैमरा मॉड्यूल को भी कंपनी ने अच्छे से डिजाइन किया है। हालांकि, इसका डिजाइन उतना भी अच्छा नहीं है, लेकिन देखने में यह बाकी फोन्स से कुछ अलग लगता है। कैमरा मॉड्यूल के पास NxtHalo Ambience Light भी देखी जा सकती है, जो नोटिफिकेशन आने पर अपने आप से जलने लगती है। यह फीचर भी इस फोन को बाकियों से कुछ अलग करता है।
यह भी पढ़ें: गेमिंग स्मार्टफोन्स पर दीवाली के धमाका ऑफर..! बेहद सस्ते मिल रहे ये महंगे वाले स्मार्टफोन्स
हालांकि, एक चीज मुझे किसी भी फोन में नहीं लगती है, जो है, फोन के बैक पैनल को इस्तेमाल करने के दौरान उसकी बैक पर उंगलियों के निशान आ जाना, इस फोन के साथ मुझे यह ज्यादा महसूस हुआ है। हालांकि, कंपनी बॉक्स में कवर दे रही है, लेकिन उसे मैंने इस्तेमाल नहीं किया है। इसके उलट कंपनी ने इस फोन में IP65 रेटिंग को शामिल किया है, जो एक अच्छी बात है।
फोन में 6.75 इंच की बड़ी LCD स्क्रीन दी गई है। इसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। YouTube पर वीडियो देखना हो, Instagram चलाना हो या इंटरनेट पर कुछ देखना हो, आपको इसकी स्क्रीन से कोई दिक्कत नहीं आने वाली है, लेकिन इसके बाद भी एक बुरी बात यह है कि स्क्रीन बड़ी होने के बाद भी इसमें केवल HD+ रेजोल्यूशन ही मिलती है। मुझे लगता है कि अगर इस फोन में FHD+ पैनल को रखा जाता तो यह फोन ज्यादा बेहतर हो सकता था। अगर आप लंबे समय तक फोन को इस्तेमाल करते हैं तो आपको यह महसूस होने लगता है कि इमेज ज्यादा शार्प नहीं है। मुझे लगता था कि यह अच्छा करने वाली है, लेकिन मेरी उम्मीद के अनुसार इसकी डिस्प्ले निकली नहीं है। यह कुछ ब्राइट नहीं है। अच्छी है, लेकिन अगर आपने FHD+ या अन्य पैनल वाले फोन इस्तेमाल किया हैं तो आपको अंतर साफ नजर आने वाला है।
फोन की ब्राइटनेस भी एक समस्या है, यह केवल 450 निट्स ही है। ऐसे में अगर आप इंडोर में फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन अगर आप इसे बाहर ले जाते हैं तो सूरज की तेज रोशनी पड़ने से इसपर कुछ भी देखना लगभग लगभग संभव सा हो जाता है। आपको कुछ देखने के लिए किसी छाए वाले कोने को तलाशना होगा। इसके अलावा 120Hz रिफ्रेश रेट होने के बाद भी स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग हमेशा एक जैसी स्मूद नहीं रहती है, और यह मुझे बार बार महसूर हुई है।
Ai+ Nova 2 Power में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर मिलता है। यह 6nm प्रोसेस पर निर्मित है। इसके अलावा फोन में 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB स्टोरेज के ऑप्शन मिलते हैं। अगर परफॉरमेंस को देखा जाए तो मैंने फोन पर कुछ बेंचमार्क भी रन किए हैं। जैसे इसका AnTuTu Score 8 लाख के आसपास आ रहा है। इसके कारण ही यह फोन WhatsApp पर चैटिंग, Instagram पर रील्स आदि को देखना, YouTube चलाना या Chrome में कई टैब आदि को खोलना आसान कर देता है। हालांकि, कई ऐप्स के बीच जल्दी-जल्दी स्विच करने पर कभी-कभी हल्का लैग महसूस हो होता है। आपको ऐसा भी लेह सकता है कि ऐप्स ओपन होने में कुछ दिक्कत कर रहे हैं। असल में, ऐसा होने के पीछे मुझे लगता है कि सॉफ्टवेयर की कहीं न कहीं गलती जरूर है। दमदार हार्डवेयर होने के बाद भी स्मूदनेस इसी कारण इस फोन से नहीं मिल पा रही है। आइए अब जानते हैं कि गेमिंग के लिए यह फोन कैसा है?
अगर आप BGMI या Call of Duty Mobile खेलते हैं, तो यह फोन ठीक-ठाक गेमिंग करवा सकता है, लेकिन BGMI को कम या मीडियम ग्राफिक्स सेटिंग्स पर खेलना बेहतर हो सकता है। मेरे रिव्यू के दौरान नॉर्मल गेमिंग में यह फोन किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं कर रहा है, लेकिन जैसे ही आप ज्यादा एक्शन वाले सीन पर जाते हैं तो यह फ्रेम ड्रॉप करने लगता है। हालांकि, एक चीज यहाँ नोट करने वाली यह है कि गेमिंग के बाद भी यह फोन ज्यादा हीट नहीं करता है। यह अच्छी बात है, क्योंकि आमतौर पर देखा जाता है कि गेमिंग के दौरान फोन हीट करने लगता है।
Ai+ Nova 2 Power में Android 16 पर आधारित nxtQ OS का सपोर्ट मौजूद है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि फोन में बेकार के ऐप्स और बेकार के विज्ञापनों की भरमार नहीं है। फोन का इंटरफेस देखने में साफ है। इसमें थीम बदलने, लॉक स्क्रीन को अपने हिसाब से सेट करने और प्राइवेसी से जुड़े कई फीचर्स मिल जाते हैं। हालांकि, मुझे सॉफ्टवेयर पूरी तरह से पॉलिश्ड नहीं लगा है। कभी-कभी ऐप्स के बीच स्विच करते समय या स्क्रीन पर स्क्रॉल करते हुए हल्की रुकावट महसूस होती है, जो कहीं न कहीं फोन के इस्तेमाल करने के अनुभव को बिगाड़ती है। इसी कारण से शायद दमदार प्रोसेसर होने के बाद भी आपको इस फोन से वैसा अनुभव नहीं मिलने वाला है, जैसा वाकई में मिलना चाहिए था। हालांकि, अगर आने वाले अपडेट्स में इन समस्याओं को दूर कर दिया जाए तो इसी अनुभव को सुधारा जा सकता है।
अगर Ai+ Nova 2 Power की बैटरी की बात की जाए तो यही कहा जा सकता है कि यह इसकी सबसे बड़ी ताकत है। फोन में 7000mAh की बड़ी बैटरी मिलती है, जो इसे किसी भी 5000mAh की बैटरी वाले फोन से इसी कारण से अलग कर देती है। इस फोन में कॉलिंग, सोशल मीडिया और YouTube देखने के दौरान या गेमिंग के दौरान आपको बैटरी से जुड़ी कोई भी समस्या नहीं महसूस होगी। इसकी बैटरी लाइफ मुझे पसंद आई है। मेरे पूरे दिन के इस्तेमाल में भी यह लगभग लगभग एक दिन यानि 12-15 घंटे आराम से आपका साथ दे सकती है। यह मैं फोन के नॉर्मल इस्तेमाल की बात कर रहा हूँ अगर आप इसे ज्यादा ही इस्तेमाल करने वाले हैं तो यह 8-9 घंटे आराम से चल सकती है। बैटरी टेस्ट में यह लगभग लगभग 9.5 घंटे का समय देने में सक्षम पाई गई है। अगर आपको लंबे समय के बाद इसे चार्ज करने की जरूरत हो रही है तो चार्जिंग में भी यह ज्यादा समय नहीं लेने वाली है। इसका 33W का चार्जर जल्दी से फोन को फिर से इस्तेमाल करने के लायक बना देता है।
Ai+ Nova 2 Power के बैक पर एक 48MP Sony IMX582 मेन कैमरा मिलता है, जो पेपर में तो अच्छा नजर आ रहा है। लेकिन यह रात के समय में कुछ गड़बड़ करने लग जाता है। इसके साथ कंपनी ने एक 8MP का अल्ट्रावाइड लेंस भी जोड़ा है। फोन में एक 13MP का फ्रन्ट कैमरा भी मिलता है। मैं इस फोन के इमेज यहाँ इसलिए नहीं लगा रहा हूँ, क्योंकि यह उतने ब्राइट नहीं हैं। हालांकि, दिन की रोशनी में और इंडोर भी अच्छी रोशनी में फोन का कैमरा बढ़िया है, सोशल मीडिया पर इसके माध्यम से लिए गए फोटो और वीडियो इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन कं रोशनी में इसकी असलियत सामने आती है। यहाँ यह फेल सा होने लगता है। 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा अच्छा है, इससे अगर आप बड़ी बड़ी इमारतों की इमेज लेना चाहते हैं तो अच्छे से ली जा सकती हैं। बड़ी बड़ी ग्रुप फोटो भी इसके माध्यम से आसानी से ली जा सकती हैं। लेकिन कहीं न कहीं डिटेल्स मिस हो जाती हैं।
मुझे ऐसा महसूस हुआ है कि पोर्ट्रेट में भी कंपनी को सुद्धा करना चाहिए था, अगर आप इससे कुछ क्लिक करते हैं तो आपको कहीं न कहीं ऐसा महसूस होने वाला है कि फोटो ब्लर हो गई है, या डिटेल्स मिस हो गई हैं। कलर्स को देखा जाए तो यह भी कुछ हल्के पड़ जाते हैं। हालांकि, कम रोशनी में नाइट मोड अपने काम को करना शुरू करता है। इसके बाद भी मुझे डिटेल्स का अभाव नजर आता है।
सेल्फ़ी कैमरा को देखते हैं तो यह भी दिन की रोशनी और अच्छी खासी लाइट में बढ़िया काम करता है। वीडियो को भी 2K रेजोल्यूशन में बनाया जा सकता है। अगर आप व्लॉगिंग करना चाहते हैं तो इससे अच्छे वीडियो की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
Ai+ Nova 2 Power के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 16,999 रुपये है। वहीं, 8GB RAM वाला मॉडल 17,999 रुपये में आता है। इस फोन के साथ सबसे अच्छी बात इसकी बैटरी है। अगर आप ऐसे स्मार्टफोन की तलाश में हैं, जिसे बार-बार चार्ज न करना पड़े और जो रोजमर्रा के काम आसानी से हो जाएं तो आप इस फोन को खरीद सकते हैं। इसके अलावा इस फोन में सब है, लेकिन इस प्राइस में आपको कुछ अन्य ऑप्शन भी एक बार देख लेने चाहिए।
यह भी पढ़ें: Honor X9e Pro vs Redmi Note 17 Pro: डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना