बेकार पड़ा टेबल फैन बन जाएगा कूलर, देने लगेगा ठंडक भरी राहत, आज ही कर लो ये सस्ता देसी जुगाड़

By

भीषण गर्मी के चलते आजकल लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि पंखे भी अब ठंडक देने के बजाय गर्म हवा फेंकने लगे हैं, जिससे राहत मिलना मुश्किल हो गया है। इसी बीच न्यूज़ 18 हिंदी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक सस्ता और आसान देसी तरीका तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक आम टेबल फैन को ही AC जैसी ठंडी हवा देने वाले डिवाइस में बदला जा सकता है।

वायरल हो रहा ये देसी कूलिंग जुगाड़

गर्मियों में बढ़ते तापमान के साथ हर किसी के लिए एसी या कूलर चलाना संभव नहीं होता, खासकर ग्रामीण इलाकों और मिडिल क्लास परिवारों के लिए बिजली का बिल बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में कम खर्च में मिलने वाली यह जुगाड़ तकनीक लोगों के बीच काफी चर्चा में है।

मामूली टेबल फैन को कैसे बनाएं कूलर

इस देसी सेटअप को बनाने के लिए सबसे पहले दो प्लास्टिक के कंटेनर लिए जाते हैं। इन कंटेनरों के चारों तरफ कई सारे छोटे-छोटे छेद बनाए जाते हैं ताकि हवा आसानी से अंदर-बाहर जा सके। इसके अलावा ऊपर के ढक्कन और नीचे की तरफ भी छेद किए जाते हैं, जहां पाइप लगाया जा सके। पाइप को ठीक से फिट करने के बाद उसे कपड़े या किसी चिपकने वाली मजबूत चीज़ से सील किया जाता है ताकि पानी बाहर न निकले।

इसके बाद इन कंटेनरों को टेबल फैन के पीछे मजबूती से बांध दिया जाता है। कंटेनरों के अंदर कूलर में इस्तेमाल होने वाला कूलिंग पैड या घास भर दी जाती है, जो पानी को सोखकर ठंडक पैदा करती है। फिर पाइप को एक छोटे पानी के पंप से जोड़ दिया जाता है, जिससे लगातार पानी का प्रवाह बना रहता है। जैसे ही पंप चालू होता है, पानी कूलिंग पैड को गीला रखता है और फैन से निकलने वाली हवा जब इन गीले पैड्स से गुजरती है, तो ठंडी होकर बाहर आती है। इस तरह साधारण पंखा भी कूलर जैसी ठंडी हवा देने लगता है।

बेहद सस्ते में ठंडक भरी राहत

यह देसी जुगाड़ घर में कूलर की ज़रूरत को लगभग ख़त्म कर सकता है. अगर आपके घर में भी एयर कूलर नहीं है लेकिन गर्मी और पसीने ने घर में रहना मुश्किल कर दिया है तो यह तरीका आपके काफी काम आ सकता है और बेहद सस्ते में ठंडक भरी राहत दे सकता है.

यह भी पढ़ें: Samsung के वर्चस्व को चुनौती देगी मोटोरोला? भारत में पहली बार बुक-स्टाइल फोल्डेबल उतारने का प्लान

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By