न ड्रिलिंग की ज़रूरत, न मकान मालिक की चिक-चिक, किरायदारों के लिए वरदान है वाला AC, मिनटों में रूम होगा चिल्ड!

By

गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले और खासकर होली के बाद, बहुत से लोग अपने घर के लिए नया एयर कंडीशनर खरीदने का प्लान बनाते हैं। आमतौर पर खरीदार विंडो AC या स्प्लिट AC को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन इन दोनों को लगाने के लिए दीवार में फिटिंग, ड्रिलिंग और प्रोफेशनल इंस्टॉलेशन की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कई लोगों के सामने जगह और अनुमति से जुड़ी समस्याएं आ जाती हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो किराए के मकान में रहते हैं।

क्या है पोर्टेबल AC?

इन्हीं परेशानियों का आसान समाधान पोर्टेबल AC है। पोर्टेबल AC एक ऐसा एयर कंडीशनर होता है जिसे बिना किसी पर्मानेंट इंस्टॉलेशन के इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे लगाने के लिए न तो दीवार तोड़ने की जरूरत होती है और न ही किसी तरह की फिक्स फिटिंग करनी पड़ती है। यही वजह है कि मकान मालिक से अनुमति लेने की झंझट भी खत्म हो जाती है।

किसके लिए बेस्ट?

किराएदारों के लिए यह विकल्प काफी उपयोगी माना जाता है। कई बार किराए के घरों में पर्मानेंट बदलाव करने की अनुमति नहीं मिलती, जिसके कारण लोग AC लगाने से बचते हैं। पोर्टेबल AC इस समस्या को आसान बना देता है क्योंकि इसे जरूरत पड़ने पर एक कूलर की तरह साथ लेकर दूसरे घर में भी शिफ्ट किया जा सकता है।

इस्तेमाल बेहद आसान

इस तरह के AC में नीचे पहिये लगे होते हैं, जिससे इसे आसानी से कमरे के एक कोने से दूसरे कोने तक ले जाया जा सकता है। अगर दिन में बेडरूम और शाम को लिविंग एरिया ठंडा करना हो तो इसे बिना ज्यादा मेहनत के जगह बदलकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उपयोग काफी हद तक रूम कूलर की तरह सुविधाजनक होता है, लेकिन कूलिंग क्षमता AC जैसी मिलती है।

पोर्टेबल AC के साथ एक एग्जॉस्ट पाइप दिया जाता है, जिसका काम कमरे की गर्म हवा को बाहर निकालना होता है। इस पाइप को खिड़की या वेंट के जरिए बाहर की ओर सेट किया जाता है, जिससे कमरे का तापमान तेजी से कम होता है।

कितनी होती है कीमत

कीमत की बात करें तो बाजार में कई कंपनियों के पोर्टेबल AC उपलब्ध हैं। ब्लू स्टार, लॉयड और क्रूज़ जैसे ब्रांड 1 टन क्षमता वाले मॉडल ऑफर करते हैं। इन्हें ऑनलाइन वेबसाइट्स और ऑफलाइन इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर्स दोनों जगह से खरीदा जा सकता है। आमतौर पर पोर्टेबल AC की कीमत करीब 30 हजार रुपये से शुरू हो जाती है, जो फीचर्स और ब्रांड के अनुसार बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें: Bhoot Bangla के नए पोस्टर में दिखा अक्षय कुमार का तांत्रिक लुक, जानिए कब रिलीज़ होगी फिल्म और बाकी डिटेल्स

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By