सिर्फ 2 मिनट में खत्म हो जाती हैं सीटें! जानें IRCTC पर कन्फर्म Tatkal टिकट बुक करने की ये धांसू ट्रिक, मिलेगा कन्फर्म बर्थ!

घड़ी में सुबह के 9:59 बज रहे हैं. आप IRCTC के पेज को घूर रहे हैं, आपका वाई-फाई ठीक से काम कर रहा और आपके हाथ पसीने से भीग रहे हैं. ठीक 10:00 बजे तत्काल बुकिंग की खिड़की खुलती है और 10:02 तक सारी सीटें गायब हो जाती हैं. यह दो मिनट की दौड़ ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए एक हिस्सा बन गया है.
चाहे आपको दिवाली-छठ में घर जाना हो या किसी की शादी में लखनऊ जाना हो या आपका कोई इंटरव्यू हो, आपात स्थिति में ट्रेन का तत्काल टिकट ही एक विकल्प बचता है. लेकिन, ऑनलाइन तत्काल टिकट लेना किसी जंग जीतने से कम नहीं है. लेकिन, आप कुछ टिप्स को फॉलो करके आसानी से IRCTC पर रेलवे तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं.
आपको बता दें कि रेगुलर टिकट विंडो 60 दिन पहले ओपन होते हैं जबकि तत्काल टिकट आप 1 दिन पहले बुक कर सकते हैं. तत्काल सीट लिमिटेड होती हैं. यह ज्यादातर केस में 10 से 30 प्रतिशत तक होती हैं. इस वजह से कंपीटिशन बढ़ जाता है.
कब खुलती है तत्काल बुकिंग की खिड़की?
तत्काल बुकिंग में समय ही सबकुछ है. जैसा की पहले बताया गया है आप एक दिन पहले अपने लिए तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं. तत्काल विंडो AC क्लास के लिए सुबह 10:00 बजे और स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे खुलती है.
- AC क्लासेस (1A, 2A, 3A, CC, EC): सुबह 10:00 बजे
- नॉन-AC क्लासेस (स्लीपर, 2S): सुबह 11:00 बजे
कन्फर्म तत्काल टिकट कैसे मिलेगा?
इसके लिए आपको IRCTC पर कम से कम 2-3 मिनट पहले लॉग इन कर लेना है. तत्काल बुकिंग शुरू होने से पहले ही मास्टर लिस्ट के ऑप्शन पर जाकर उन लोगों को ऐड कर दें जिन्हें यात्रा करनी है. इससे नाम भरने में आपका काफी समय बच जाएगा. तत्काल बुकिंग शुरू होने से पहले ट्रेन को सर्च कर लें.
जैसे ही तत्काल टाइमिंग शुरू हो फौरन उस पर क्लास पर क्लिक करें जिसका टिकट आप लेना चाहते हैं. फौरन मास्टर लिस्ट से यात्रियों के नाम सेलेक्ट कर लें और कैप्चा भर दें. फिर UPI या IRCTC ई-वॉलेट जैसे तेज पेमेंट ऑप्शन को चुनें. इससे आप आसानी से तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं.
एक बात का ध्यान रखें कि आपका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड हो वर्ना तत्काल टिकट बुकिंग आप नहीं कर पाएंगे.
