भीषण गर्मी में ज्यादातर लोग राहत पाने के लिए AC या एयर कूलर का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोई ऐसा डिवाइस भी हो सकता है जो AC जैसी कूलिंग दे और बिजली की खपत कूलर जितनी करे? जी हां, भारत में Ambiator नाम का एक ऐसा ही खास एयर कूलिंग सिस्टम तैयार किया है। इसे टाइगर एस्टर और जीतेन देसाई नाम के दो इंजीनियरों ने मिलकर बनाया है। यह डिवाइस पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ पारंपरिक AC का किफायती ऑल्टरनेटिव भी माना जा रहा है। इसकी खास टेक्नोलॉजी की वजह से इसे भारत सरकार के नीति आयोग के फ्रंटियर टेक हब में भी प्रदर्शित किया जा चुका है।
Ambiator एक 5 टन का ईको-फ्रेंडली कूलिंग यूनिट है, जो एसी और कूलर के मिश्रण जैसा लगता है। इसे खास तौर पर ऐसे लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो ज्यादा बिजली बिल और AC में इस्तेमाल होने वाली गैसों से परेशान रहते हैं। यह डिवाइस स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस है और किसी रेफ्रिजरेंट गैस की जगह साधारण पानी का इस्तेमाल करता है। इसमें लगे IoT आधारित सेंसर कमरे का तापमान और नमी लगातार मॉनिटर करते रहते हैं। उसी के आधार पर यह खुद ही कूलिंग लेवल को एडजस्ट कर लेता है। इसके अलावा इसे सोलर पैनल से भी चलाया जा सकता है, जिससे बिजली की लागत और भी कम हो जाती है।
Ambiator का काम करने का तरीका इवेपोरेटिव कूलिंग तकनीक पर आधारित है। हालांकि यह सुनने में एयर कूलर जैसा लगता है, लेकिन इसका तरीका काफी अलग है। इसमें हवा को सीधे पानी के संपर्क में नहीं लाया जाता। डिवाइस के अंदर मौजूद हीट एक्सचेंजर से होकर हवा गुजरती है, जहां पानी की मदद से वह ठंडी होती है। यही वजह है कि यह कमरे में उमस बढ़ाए बिना ठंडक देने में सक्षम माना जाता है।
अगर इसकी तुलना पारंपरिक AC और कूलर से करें, तो कई मामलों में यह अलग नजर आता है। कम बिजली खपत इसकी सबसे बड़ी खासियत है, इसलिए लंबे समय तक चलाने पर भी बिजली बिल ज्यादा नहीं बढ़ता। वहीं कूलर के मुकाबले यह कम पानी इस्तेमाल करता है, जिससे बार-बार टैंक भरने की जरूरत भी कम पड़ती है। इसके साथ ही नमी न बढ़ने की वजह से कमरे का एटमॉस्फेयर ज्यादा आरामदायक बना रहता है।
कुल मिलाकर इस डिवाइस के इतने फायदे हैं कि शायद सबके बारे में बताना भी मुश्किल है. एयर कंडीशनर छोड़ कर ऐम्बिएटर का इस्तेमाल करना सालभर में लगभग 1300 पौधे लगाने के बराबर है। इससे आप खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि यह पर्यावरण को स्वच्छ करके आपको और दूसरों को कितना अच्छा स्वास्थ्य दे सकता है।
अगर इसमें कमी तलाशी जाए तो वह बस यही होगी कि इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा है. AMB750 को इसकी आधिकारिक वेबसाइट से 3,00,000 रुपये में खरीदा जा सकता है। हालांकि, अगर फायदे देखें जाएं तो इस कीमत के लिए यह एक वैल्यू फॉर मनी डिवाइस साबित होता है।
यह भी पढ़ें: कूलर से चाहिए शिमला वाली कूलिंग तो ट्राई करें ये ‘गर्दा ट्रिक’, भारत के आधे से ज्यादा लोगों को पता ही नहीं