रहस्य और रोमांच से भरपूर मर्डर मिस्ट्री सीरीज़ Mandala Murders 25 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ के लिए तैयार है। इस थ्रिलर सीरीज़ में एक ऐसी सीक्रेट सोसाइटी और भविष्यवाणी का जिक्र है, जो सदियों पुरानी है और कई हत्याओं से जुड़ी हुई है।
वाणी कपूर इस सीरीज़ में डिटेक्टिव रिया थॉमस की भूमिका में नजर आएंगी, जो अपने साथी विक्रम सिंह (वैभव राज गुप्ता द्वारा निभाया गया किरदार) के साथ इन रहस्यमय हत्याओं की जांच-पड़ताल करती हैं। जांच के दौरान उन्हें काले रीति-रिवाजों और जानलेवा साजिशों की एक गुप्त दुनिया का पता चलता है।
इस सीरीज़ में वाणी कपूर के साथ सुरवीन चावला, श्रिया पिलगांवकर, सिद्धांत कपूर, रघुबीर यादव और मोनिका चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं। मंडाला मर्डर्स के रिलीज से पहले आप ओटीटी पर 5 अन्य बेहतरीन थ्रिलर सीरीज़ देख सकते हैं.
The Night Manager की कहानी शान सेनगुप्ता (आदित्य रॉय कपूर) नाम के एक पूर्व नेवी ऑफिसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक लग्ज़री होटल में नाइट मैनेजर बनता है। उसकी ज़िंदगी तब बदल जाती है जब वह एक ताकतवर बिज़नेसमैन शैली रंगता (अनिल कपूर) और उसके अवैध हथियार व्यापार के रहस्य में फंस जाता है। शो में शोभिता धुलिपाला और तिलोत्तमा शोम भी अहम भूमिकाओं में हैं। खबर है कि The Night Manager 2 भी जल्द आ सकता है।
Special Ops एक जासूसी पर आधारित सीरीज़ है जिसमें RAW एजेंट हिम्मत सिंह (के के मेनन) आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को पकड़ने की कोशिश करते हैं। इसे नीरज पांडे ने बनाया और निर्देशित किया है। सीज़न 2 में कहानी साइबर-जासूसी पर शिफ्ट होती है, जहां हिम्मत एक ऐसे खतरनाक कारोबारी से भिड़ते हैं जो स्पाईवेयर के जरिए अर्थव्यवस्था को कंट्रोल करना चाहता है।
Asur की कहानी फॉरेंसिक एक्सपर्ट धनंजय ‘डीजे’ राजपूत (अर्शद वारसी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक के बाद एक हो रही हत्याओं की जांच करता है। ये हत्याएं प्राचीन हिंदू पौराणिक कथाओं, विशेष रूप से ‘काली’ से जुड़ी होती हैं। इसमें बरुण सोबती, अनुप्रिया गोयंका, ऋद्धि डोगरा और शरीब हाशमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज़ अपराध और पौराणिकता का अनोखा मेल है, जो अच्छाई-बुराई, हिंसा और साइकोलॉजिकल प्रभावों को गहराई से एक्स्प्लोर करती है।
यह सीरीज़ ब्रिटिश शो Criminal Justice का भारतीय वर्जन है। अब तक इसके 4 सीज़न आ चुके हैं और हर सीज़न में एक नई आपराधिक कहानी को दिखाया गया है। पंकज त्रिपाठी इसमें वकील माधव मिश्रा की भूमिका निभाते हैं, जो हर केस को अनोखे तरीके से सुलझाते हैं। सीरीज़ न्याय प्रणाली की खामियों, नैतिकता और व्यक्तिगत संघर्षों को उजागर करती है।
इस सीरीज़ में अविनाश कामत (मोहित रैना) की कहानी दिखाई गई है, जो एक पूर्व पुलिस ऑफिसर से भाड़े का सैनिक बन जाता है। वह आलिया नाम की एक लड़की को बचाने सीरिया जाता है, जो एक आतंकवादी संगठन के झांसे में आ गई थी। यह शो A Ticket to Syria किताब पर आधारित है। इसमें अनुपम खेर, कश्मीरा परदेसी, आयशा रज़ा मिश्रा समेत कई दमदार कलाकार हैं।
अगर आप Mandala Murders की तरह रहस्यमयी और रोमांचक कहानियों के शौकीन हैं, तो ये थ्रिलर सीरीज़ जरूर देखें. ये सब की सब सीरीज JioHotstar पर उपलब्ध हैं.