Ab Hoga Hisaab OTT Release: OTT प्लेटफॉर्म पर क्राइम थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक नई सीरीज आ चुकी है. अब होगा हिसाब एक दमदार क्राइम थ्रिलर है, जिसमें बदले की भावना, भाईचारे का रिश्ता और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे को दिखाया गया है. कहानी पंजाब की पृष्ठभूमि से शुरू होती है और कनाडा तक पहुंचती है, जहां दो भाइयों की जिंदगी अचानक एक खतरनाक मोड़ ले लेती है.
सीरीज में दिखाया गया है कि बेहतर जिंदगी के सपने देखने वाले दो भाइयों की दुनिया कैसे बिखर जाती है और फिर शुरू होती है एक ऐसी तलाश, जो कई बड़े राज उजागर करती है.
अब होगा हिसाब 18 जून 2026 से Amazon MX Player पर स्ट्रीम हो रही है. दर्शक इसे मुफ्त में MX Player पर देख सकते हैं.
सीरीज की कहानी दो भाइयों बॉबी मनोचा और बंटी मनोचा के इर्द-गिर्द घूमती है. दोनों पंजाब से हैं और बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा जाने का सपना देखते हैं. काफी कोशिशों के बाद उन्हें विदेश जाने का मौका मिल जाता है. लेकिन कनाडा पहुंचने के बाद सब कुछ बदल जाता है. अचानक बंटी गायब हो जाता है. उसका कोई सुराग नहीं मिलता और बॉबी पूरी तरह टूट जाता है. अपने भाई को खोजने के लिए वह हर संभव कोशिश करता है.
जांच के दौरान उसे पता चलता है कि बंटी का अपहरण मानव तस्करों के एक बड़े गिरोह ने किया है. यह गिरोह खुद को इमिग्रेशन एजेंट बताकर लोगों को विदेश भेजने का झांसा देता है और फिर उन्हें अपने जाल में फंसा लेता है. इसके बाद बॉबी अपने भाई को वापस लाने और इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए खतरनाक मिशन पर निकल पड़ता है. कहानी में सस्पेंस, एक्शन और इमोशनल ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है.
सीरीज में शाहीर शेख मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनके साथ मौनी रॉय और संजय कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
इसके अलावा अविनाश मिश्रा, निमृत कौर अहलूवालिया, आशीमा वर्धान और हरमन सिंघा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे. सीरीज का निर्देशन दिव्यांशु मल्होत्रा ने किया है. इसकी कहानी फैजल अख्तर, राधिका आनंद, अब्बास दलाल और सुदीप निगम ने मिलकर लिखी है.
अब होगा हिसाब सिर्फ एक थ्रिलर नहीं बल्कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध पर आधारित कहानी है. इसमें विदेश जाने के सपने देखने वाले युवाओं के साथ होने वाले धोखे और अपराध की दुनिया को दिखाया गया है. सस्पेंस, एक्शन और भावनात्मक दृश्यों से भरपूर यह सीरीज दर्शकों को अंत तक बांधे रखने की कोशिश करती है. सीरीज हाल ही में रिलीज हुई है, इसलिए फिलहाल इसकी IMDb रेटिंग उपलब्ध नहीं है.
यह भी पढ़ें: Jio के दो रिचार्ज प्लान, अंतर 80 रुपये, लेकिन किसमें मिलेगा ज्यादा फायदा? जानें सारी डिटेल्स