WhatsApp ने भारत में Bill Payments फीचर लॉन्च करके डिजिटल पेमेंट के बाजार में अपनी मौजूदगी और मजबूत कर ली है। अब यूजर्स WhatsApp से बाहर निकले बिना घर और रोजमर्रा से जुड़े कई तरह के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। इसका साफ मतलब यह है कि इसके लिए यूजर्स को अलग से कोई बिल पेमेंट या UPI ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। WhatsApp का नया फीचर Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क पर काम करता है और 30 कैटेगरी में 22,722 बिलर्स को सपोर्ट करता है। इसमें बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन रिपेमेंट जैसे बिल शामिल हैं।
WhatsApp के Bill Payments सेक्शन में यूजर ₹ आइकन पर टैप करके बिल कैटेगरी और बिलर चुन सकता है। इसके बाद अकाउंट डिटेल्स दर्ज करने पर बिल की रकम दिखाई जाती है और फिर पेमेंट किया जा सकता है।
अब सवाल उठता है कि WhatsApp की इस एंट्री से क्या Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे पेमेंट ऐप्स को नुकसान हो सकता है?
WhatsApp की सबसे बड़ी ताकत इसकी पहुंच और यूजर्स की रोजमर्रा की आदत है। 2009 में शुरू हुआ Meta का यह ऐप आज दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक बन चुका है। आज के समय में व्हाट्सएप ने दुनियभर में 330 करोड़ से अधिक का यूज़र बेस स्थापित कर लिया है।
लोग पहले से ही चैटिंग, स्टेटस, चैनल और दूसरी सुविधाओं के लिए WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं। यहां तक कि स्टेटस अपडेट्स फीचर में तो Instagram की तरह म्यूज़िक लगाने और मेंशन करने जैसी कई नई सुविधाएं भी जोड़ दी गई हैं। ऐसे में अगर बिल पेमेंट का काम भी इसी ऐप में मिल जाए, तो यूजर को सिर्फ एक छोटे से काम के लिए अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे UPI प्लेटफॉर्म्स पर Bill Payments का फीचर पहले से ही प्रमुख सुविधाओं में से एक है। WhatsApp पर यह फीचर आने से इस हिस्से में मुकाबला बढ़ने की पूरी उम्मीद है। खासतौर पर उन यूजर्स के लिए जो पहले से WhatsApp पर मौजूद हैं और बिल भुगतान के लिए किसी दूसरे ऐप पर जाना उन्हें झंझट लगता है।
WhatsApp ने इस फीचर को सिर्फ एक बेसिक बिल पेमेंट विकल्प तक सीमित नहीं रखा है। इसमें यूजर्स पहले भुगतान किए गए बिलर्स को Payments Home स्क्रीन पर देख सकते हैं और एक टैप से दोबारा उन तक पहुंच सकते हैं। इतना ही नहीं, एक ही बिलर के तहत कई अकाउंट्स को मैनेज करने की सुविधा भी दी गई है, जो घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग बिल संभालने वाले यूजर्स के काम आ सकती है।
फिलहाल इस बात को दावे से नहीं कहा जा सकता कि व्हाट्सएप अन्य पेमेंट ऐप्स पर भारी पड़ेगा या नहीं। वैसे तो WhatsApp का यह फीचर निश्चित रूप से बिल पेमेंट के लिए PhonePe, Google Pay और Paytm को चुनौती दे सकता है, लेकिन इन प्लेटफॉर्म्स का पूरा कारोबार सिर्फ बिल भुगतान पर निर्भर नहीं है। इन ऐप्स में UPI मनी ट्रांसफर, QR पेमेंट, रिचार्ज और दूसरी फाइनेंशियल सर्विसेज जैसी कई सुविधाएं भी मौजूद हैं। इसलिए WhatsApp का Bill Payments फीचर सीधे तौर पर इन ऐप्स को खत्म करने के बजाय यूजर्स के पास मौजूद विकल्पों की संख्या बढ़ाता है।
WhatsApp के लिए सबसे बड़ा अवसर यही है कि वह बिल पेमेंट को यूजर की रोजमर्रा की चैटिंग की आदत के साथ जोड़ रहा है। कंपनी के मुताबिक, इस फीचर का उद्देश्य यूजर्स को किसी दूसरे ऐप पर स्विच किए बिना बिल पेमेंट पूरा करने की सुविधा देना है।
दूसरी ओर PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे प्लेटफॉर्म्स के पास पेमेंट से जुड़े ज्यादा व्यापक फीचर्स और लंबे समय से बना हुआ डेडिकेटेड यूजर बेस है। ऐसे में WhatsApp के लिए सिर्फ फीचर लॉन्च करना पर्याप्त नहीं होगा। उसे यूजर्स को लगातार सुविधा, भरोसेमंद पेमेंट एक्सपीरियंस और बेहतर ऑफर्स जैसे कारण भी देने होंगे।
इस मुकाबले का सबसे बड़ा फायदा आखिरकार यूजर्स को मिल सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक ही तरह के काम के लिए कई ऐप्स के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से कंपनियां अपने पेमेंट एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने पर ज्यादा ध्यान दे सकती हैं।
WhatsApp का Bill Payments फीचर फिलहाल Android और iOS यूजर्स के लिए भारत में धीरे-धीरे रोल आउट किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में इसे सभी यूजर्स तक पहुंचाने की योजना है।
सीधी बात यह है कि WhatsApp की एंट्री से बिल पेमेंट के क्षेत्र में इन ऐप्स के लिए प्रतिस्पर्धा जरूर बढ़ेगी, लेकिन अभी यह कहना सही नहीं होगा कि WhatsApp की वजह से Paytm, PhonePe या अन्य UPI ऐप्स को बड़ा नुकसान होने वाला है।
यह भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2026: घर बैठे बनाएं शानदार AI Invitations, ये 5 Prompts जरूर करें ट्राई!