#image_title
WhatsApp हमेशा से ही झूठी खबरों और स्कैम्स का शिकार रहा है। अब इस प्लेटफॉर्म को लेकर एक नई खबर सामने आ रही है जिसमें लोगों को 'Pink WhatsApp' डाउनलोड करने का एक लिंक प्राप्त हो रहा है। स्कैमर्स इस लिंक को बहुत से लोगों को भेज रहे हैं और उन्हें नए फीचर्स के साथ व्हाट्सएप का नया लुक मिलने का झांसा देकर इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए कह रहे हैं।
हाल ही में मुंबई पुलिस ने वायरल पिंक व्हाट्सएप स्कैम के बारे में जनता के लिए चेतावनी जारी की है जिसमें अधिकारियों ने इस प्लेटफॉर्म पर शुरू हुए नए स्कैम से लोगों को सावधान रहने और इस लिंक पर क्लिक न करने और ऐप को डाउनलोड न करने की सलाह दी।
उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि, "एक्स्ट्रा फीचर्स के साथ नए पिंक लुक व्हाट्सएप को लेकर यूजर्स के बीच फैल रही खबर एक छल है जिसके कारण मैलिशियस सॉफ्टवेयर के जरिए आपका मोबाइल हैक हो सकता है। यह नया नहीं है कि स्कैमर्स मासूम यूजर्स को अपने जाल में फ़साने के लिए ढेर सारी नई ट्रिक्स और तरीके अपना रहे हैं। इसलिए यूजर्स के लिए इस तरह के फ्रॉड्स से जागरूक रहना और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहना आवश्यक है।"
मुंबई पुलिस के अनुसार यह स्कैम व्हाट्सएप पर फैल रहा है। इस मेसेज में एक अपडेट ऑफर करने का दावा किया जाता है जो व्हाट्सएप के लोगो के कलर को बदल देगा। इसके अलावा इसमें व्हाट्सएप अनुभव को बढ़ाने के लिए नए फीचर्स पेश करने का भी वादा किया जाता है।
हालांकि, पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह एक फिशिंग लिंक है जिस पर क्लिक करने से यह सीधे यूजर के फोन पर अटैक करता है और सेंसिटिव जानकारी चुराता है, या फिर यह स्कैमर को डिवाइस का रिमोट कंट्रोल दे देता है।