राघव चड्ढा की मांग आई काम? सिर्फ कॉल-SMS के लिए सस्ता प्लान…TRAI ने पेश किया प्रस्ताव, Jio-Airtel-Vi की मनमानी होगी खत्म

HIGHLIGHTS

TRAI ने केवल कॉलिंग और SMS वाले सस्ते प्लान का प्रस्ताव दिया

टेलीकॉम कंपनियों को हर वैलिडिटी में ऐसा प्लान देना होगा

यूजर्स को अब बिना डेटा वाले विकल्प मिल सकेंगे

Telecom Regulatory Authority of India यानी TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए एक नया प्रस्ताव रखा है. इसके तहत अब किफायती मोबाइल प्लान लॉन्च करना जरूरी हो सकता है. यानी ऐसे प्लान को लॉन्च करने के लिए कहा गया है जो केवल कॉलिंग और SMS के साथ आए. यह मौजूदा स्पेशल टैरिफ वाउचर्स (STVs) से अलग होंगे, जिनमें अभी डेटा भी शामिल रहता है.

TRAI का नया प्रस्ताव

2026 के ड्राफ्ट Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulation में TRAI ने कहा है कि हर टेलीकॉम कंपनी को कम से कम एक ऐसा प्लान देना होगा जिसमें सिर्फ वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा हो. पहले भी कंपनियों को ऐसे प्लान देने के लिए कहा गया था, लेकिन देखा गया कि टेलीकॉम ऑपरेटर्स ने या तो सीमित विकल्प दिए या फिर इन प्लान्स की कीमत अपेक्षाकृत ज्यादा रखी. डेटा हटने के बाद भी कीमतों में उसी हिसाब से कमी नहीं की गई.

जरूरी हुआ नया बदलाव

TRAI के अनुसार, पुराने नियमों से उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिले. इसी वजह से अब नया संशोधन प्रस्तावित किया गया है, ताकि यूजर्स को बेहतर विकल्प मिल सकें.

  • हर वैलिडिटी वाले डेटा प्लान के साथ एक समान वैलिडिटी वाला केवल कॉलिंग और SMS प्लान देना होगा
  • यूजर्स को जबरन डेटा वाले प्लान लेने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा
  • जिन लोगों को इंटरनेट की जरूरत नहीं है, उन्हें कम कीमत में विकल्प मिलेगा

यूजर्स के लिए क्या होगा फायदा

इस प्रस्ताव का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ज्यादा पारदर्शिता और विकल्प देना है. खासकर उन लोगों (जैसे बुजुर्ग या फीचर फोन यूजर्स) के लिए यह फायदेमंद होगा जो सिर्फ कॉलिंग और SMS का इस्तेमाल करते हैं. इससे यूजर्स को अपनी जरूरत के अनुसार प्लान चुनने की आजादी मिलेगी और उन्हें अनावश्यक सेवाओं के लिए भुगतान नहीं करना पड़ेगा. TRAI ने इस प्रस्ताव पर सभी संबंधित पक्षों से 28 अप्रैल तक सुझाव मांगे हैं, जिसके बाद इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: OnePlus Nord 6 भारत में लॉन्च, 165Hz स्क्रीन और 9000mAh की बैटरी से लैस, जानें कीमत-ऑफर और फीचर्स

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :