चीनी स्मार्टफोन ब्रांड vivo ने भारत में अपना नया मिड-रेंज स्मार्टफोन vivo T5x 5G लॉन्च कर दिया है. यह फोन पिछले साल आए T4x 5G का सक्सेसर है और इसमें कई बड़े अपग्रेड दिए गए हैं, खासकर बैटरी और प्रोसेसर के मामले में. कंपनी ने पहले ही वादा किया था कि यह डिवाइस दमदार परफॉर्मेंस और बड़ी बैटरी के साथ आएगा, और लॉन्च के साथ यह साफ हो गया है कि vivo इस बार बैटरी और ड्यूरेबिलिटी पर ज्यादा फोकस कर रहा है.
vivo T5x 5G में 6.76-इंच Full HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकता है. फोन में पंच-होल डिजाइन दिया गया है, जिसमें 32MP फ्रंट कैमरा मौजूद है.
इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 7400 Turbo प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm प्रोसेस पर आधारित है. कंपनी के अनुसार यह चिपसेट 10 लाख (1 मिलियन) AnTuTu स्कोर देने में सक्षम है. फोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है. कंपनी ने इसमें 2 साल के Android अपडेट, 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है.
फोटोग्राफी की बात करें तो vivo T5x 5G में ड्यूल रियर कैमरा सेटअप मिलता है. इसमें 50MP Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा के साथ 2MP डेप्थ सेंसर दिया गया है. कंपनी ने कहा है कि फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग भी सपोर्ट करता है.
यह फोन अपनी बैटरी के लिए खास चर्चा में है. vivo T5x 5G में 7200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो इस सेगमेंट में काफी बड़ी मानी जा रही है. यह 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है, जिससे बड़ी बैटरी को भी जल्दी चार्ज किया जा सकता है.
फोन को मजबूत बनाने के लिए इसमें IP68 + IP69 रेटिंग (डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस), MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन दिया गया है. इसके अलावा इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, स्टीरियो स्पीकर्स, IR सेंसर जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
यह स्मार्टफोन 8GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज के साथ आता है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें
5G (SA/NSA), Wi-Fi 6, Bluetooth 5.4, USB Type-C जैसे फीचर्स मिलते हैं.
vivo T5x 5G की कीमत की बात करें तो इसके 6GB रैम और 128GB स्टोरेज की कीमत 18,999 रुपये रखी गई है जबकि 8GB रैम और 128GB स्टोरेज की कीमत 20,999 रुपये रखी गई है. फोन के टॉप मॉडल में 8GB रैम और 256GB का स्टोरेज दिया गया है. जिसकी कीमत 22,999 रुपये है. फोन को Star Silver और Cyber Green कलर में उपलब्ध करवाया गया है. इसकी बिक्री 24 मार्च से Flipkart, vivo India eStore और रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.
लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी Axis Bank, HDFC Bank और SBI कार्ड पर 2000 रुपये तक इंस्टेंट डिस्काउंट, 6 महीने तक नो-कॉस्ट EMI और 1199 रुपये के Jio प्रीपेड प्लान पर 6 महीने के लिए 10 OTT ऐप्स का फ्री एक्सेस दे रही है.
यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना