त्योहारी सीजन के बाद अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो अब आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी. भारत में लगभग सभी प्रमुख ब्रांड्स Samsung, Oppo, Vivo, Realme और Xiaomi ने अपने स्मार्टफोन मॉडलों की कीमतें 500 से 2,000 रुपये तक बढ़ा दी हैं. जबकि आने वाले प्रीमियम मॉडल्स की कीमतों में और अधिक उछाल की संभावना है.
Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया राउंड ऑफ प्राइस हाइक मुख्य रूप से तीन कारणों से किया गया है. इसमें मेमोरी कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतें, सप्लाई चेन में व्यवधान, और भारतीय रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होना शामिल हैं.
चीनी कंपनी Oppo ने अपने मिड-रेंज और प्रीमियम सेगमेंट दोनों में दाम बढ़ाए हैं. कंपनी के F31 (8GB/128GB और 8GB/256GB) वेरिएंट्स 1,000 रुपये महंगे हो गए हैं. जबकि Reno 14 और Reno 14 Pro के सभी वेरिएंट्स की कीमतें 2,000 रुपये बढ़ाई गई हैं.
Oppo ने अपने रिटेल पार्टनर्स को बताया है कि चिप्स और मेमोरी कंपोनेंट्स की कीमतें अगस्त 2025 से लगातार बढ़ रही हैं, और यह ट्रेंड 2026 तक जारी रह सकता है. इसलिए ब्रांड ने 4 नवंबर से कीमतों में संशोधन किया है ताकि डिलीवरी प्रभावित न हो और बिजनेस सुचारू रहे.
दूसरी बड़ी कंपनी Vivo ने अपने दो पॉपुलर मॉडल्स T4 Lite और T4x के सभी वेरिएंट्स की कीमतें 500 रुपये तक बढ़ा दी हैं. वहीं Samsung, जो भारत की दूसरी सबसे बड़ी स्मार्टफोन कंपनी है, ने Galaxy A17 की कीमत ₹500 बढ़ाई है. साथ ही कंपनी ने बॉक्स से 1,000 रुपये का चार्जर हटा दिया है, जिससे कुल मिलाकर डिवाइस अब 1,500 रुपये महंगा हो गया है. रिटेलर्स का कहना है कि इन बदलावों से मिड-सेगमेंट स्मार्टफोन खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ेगा.
Xiaomi ने हाल ही में अपने 14C और A5 मॉडल्स पर दिए गए छोटे डिस्काउंट वापस ले लिए हैं. कंपनी अब दिसंबर में आने वाली अपनी Note सीरीज के नए फोन्स की कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है. Moneycontrol की रिपोर्ट के अनुसार, आगामी Xiaomi 17 सीरीज, Oppo Find X9 और Vivo X300 सीरीज जैसे प्रीमियम मॉडल्स की कीमतों में 6,000 रुपये या उससे ज्यादा की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. Realme और Motorola भी इसी हफ्ते कीमतें संशोधित कर सकते हैं.
उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मेमोरी चिप्स की आपूर्ति फिलहाल सीमित हो रही है क्योंकि वैश्विक निर्माता अब अपना ध्यान AI हार्डवेयर में इस्तेमाल होने वाले High-Bandwidth Memory (HBM) पर केंद्रित कर रहे हैं. इस वजह से मिड-रेंज और एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल होने वाले DRAM और NAND कंपोनेंट्स की कीमतें बढ़ रही हैं. इसका सीधा असर उन ब्रांड्स पर पड़ रहा है जो भारत जैसे मूल्य-संवेदनशील बाजारों में काम करते हैं.
रिटेल चेन ऑपरेटर्स का कहना है कि यह दाम वृद्धि नवंबर और दिसंबर की बिक्री पर नकारात्मक प्रभाव डालेगी. दिवाली के बाद आमतौर पर बिक्री का यह स्लो सीजन होता है, और दाम बढ़ने से उपभोक्ता खरीद टाल सकते हैं. एक रिटेलर ने कहा, “यह फैसला नवंबर की बिक्री पर सीधा असर डालेगा. बिक्री के आंकड़े नवंबर-दिसंबर में गिर सकते हैं.”
Xiaomi ने Digit Hindi को बताया कि कंपनी हमेशा अपनी ईमानदार कीमत के वादे पर टिके रहते हुए, सबसे अच्छी टेक्नोलॉजी और नए आविष्कार लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हाल ही में आए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के बड़े बदलाव के कारण, पूरे उद्योग में मेमोरी की लागत (RAM-स्टोरेज) में तेजी आई है.
इस महीने भी, Xiaomi ने भारतीय ग्राहकों के लिए अपनी कीमतों को बना कर रखा है, ताकि वे तुरंत होने वाले लागत के उतार-चढ़ाव से बचे रहें, खासकर तब जब बाकी कंपनियों ने कीमतें बढ़ाना शुरू कर दिया है. जैसे-जैसे लागत का दबाव बढ़ेगा, 2026 में पूरे उद्योग में कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है. तब भी, Xiaomi सोच-समझकर कदम उठाएगा ताकि उसके ग्राहकों पर सबसे कम असर पड़े और उन्हें पैसे की पूरी कीमत मिलती रहे.
इस बयान से साफ है कि फिलहाल इतना तय है कि आने वाले हफ्तों में स्मार्टफोन मार्केट में दाम बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा, और अगर आप नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं तो अभी का वक्त बीत चुका है, अगले कुछ महीनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं.
यह भी पढ़ें: Aadhaar Card New Rules! नवंबर से बदल गए कई नियम, घर बैठे हो जाएंगे ज्यादातर काम, जान लें काम की बातें