भारत का स्मार्टफोन बाजार 2025 की तीसरी तिमाही में नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। Counterpoint Research की फ्रेश और हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2025 के बीच भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट में 5% की साल-दर-साल बढ़ोतरी और 18% की वैल्यू ग्रोथ दर्ज की गई है। यह अब तक की सबसे ऊंची तिमाही वैल्यू रही है, जिसने साफ दिखा दिया है कि भारत अब दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते स्मार्टफोन बाज़ारों में से एक बन चुका है। इस ग्रोथ के पीछे प्रमुख कारण रहे, इन्हें त्योहारी सेल्स, आसान फाइनेंसिंग ऑफर्स, एक्सचेंज स्कीम्स, भारी डिस्काउंट्स आदि के अलावा मार्केटिंग कैंपेन्स के तौर पर देखा जा सकता है।
2025 की तीसरी तिमाही में भारत का स्मार्टफोन बाजार वैल्यू और वॉल्यूम दोनों के हिसाब से अपने अब तक के सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया है। Apple ने इस बार पहली बार टॉप 5 ब्रांड्स में जगह बनाई और भारत को अपना तीसरा सबसे बड़ा बाजार बना लिया है। iPhone 16 और Pro सीरीज़ की जबरदस्त मांग, आसान फाइनेंसिंग ऑप्शन और रिटेल नेटवर्क के विस्तार ने इसकी सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
दूसरी ओर, Vivo (iQOO को छोड़कर) 20% मार्केट शेयर के साथ पहले स्थान पर रहा। इसकी सफलता का कारण रहा, इसके मजबूत ऑफलाइन नेटवर्क और जानी मानी T सीरीज़ के स्मार्टफोन्स। वहीं Samsung 13% हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जिसमें इसकी S और A सीरीज़ ने सबसे बड़ा योगदान दिया है। OPPO (OnePlus को छोड़कर) ने भी अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए रिटेलर्स के साथ रिश्ते मजबूत किए, जिससे इसकी पकड़ और मजबूत हुई है।
इस तिमाही का असली शोस्टॉपर रहा iQOO, जिसने 54% साल-दर-साल ग्रोथ दर्ज की और सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला स्मार्टफोन ब्रांड बना। गेमर्स को ध्यान में रखकर बनाए गए फोन और कम्युनिटी-बेस्ड मार्केटिंग स्ट्रैटेजी ने इसे नई ऊंचाई दी। इसके साथ ही Motorola ने भी शानदार परफॉरमेंस दी है, और 53% ग्रोथ हासिल कर ली है। इसकी G और Edge सीरीज़ की मांग और रिटेल चैनलों की बेहतर उपलब्धता ने इसे दोबारा चर्चाओं में ला दिया है।
Lava ने सब-10,000 रुपये प्राइस रेंज में धमाल मचा दिया और 135% साल-दर-साल ग्रोथ के साथ सबसे तेजी से बढ़ने वाले बजट स्मार्टफोन ब्रांड के तौर पर अपने आपको स्थापित कर लिया है। इतना ही नहीं, 15,000 रुपये से कम की कैटेगरी में भी यह दूसरा सबसे फास्ट ग्रोथ हासिल करने वाला ब्रांड बना।
अब भारत का स्मार्टफोन बाजार वॉल्यूम नहीं बल्कि वैल्यू-ड्रिवन ग्रोथ की ओर बढ़ रहा है। उपभोक्ताओं में प्रीमियम फोन्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। आकर्षक फेस्टिव ऑफर्स, आक्रामक मार्केटिंग, आसान EMI और कस्टमर-केंद्रित अपग्रेड स्कीम्स ने कंपनियों को नए यूजर्स तक पहुंचने का मौका दिया है।
Vivo, iQOO, Apple, Motorola और Lava जैसे ब्रांड्स की रिकॉर्ड ग्रोथ के साथ, भारत का स्मार्टफोन बाजार लगातार एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी इकोसिस्टम के रूप में उभर रहा है। आने वाले महीनों में भी यह ग्रोथ जारी रहने की पूरी उम्मीद है, खासकर तब जब 5G फोन्स और AI-इनेबल्ड डिवाइस तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ई-पासपोर्ट हुआ ऑफिसियल, चार चौबंद हो जाएगी सुरक्षा और ये होंगे फायदे