सैमसंग का अगला Galaxy Unpacked इवेंट अब बेहद करीब है। दक्षिण कोरियाई टेक कंपनी पहले ही पुष्टि कर चुकी है कि यह इवेंट 22 जुलाई को लंदन में आयोजित किया जाएगा। इस इवेंट में कंपनी अपनी नई फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज पेश करेगी। माना जा रहा है कि Samsung Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Flip 8 के साथ इस बार एक नया Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra मॉडल भी लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस डिवाइस की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन हालिया लीक्स ने इसके संभावित फीचर्स और कीमत से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने रखी हैं।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग इस बार अपनी फोल्डेबल लाइनअप का विस्तार करने की तैयारी में है। Galaxy Z Fold 8 Ultra के साथ एक अलग “Wide Fold” मॉडल भी पेश किया जा सकता है। मशहूर टिप्स्टर Sonny Dickson द्वारा साझा की गई डमी यूनिट्स की तस्वीरों से संकेत मिलता है कि कंपनी इस बार अपनी फोल्डेबल सीरीज में नई रणनीति अपनाने वाली है।
लीक्स के अनुसार, Galaxy Z Fold 8 Ultra में 8-इंच की इनर फोल्डेबल डिस्प्ले और 6.5-इंच की कवर स्क्रीन मिल सकती है। इसका डिजाइन पिछले साल के Fold मॉडल जैसा ही रहने की संभावना है। वहीं, कथित Wide Fold मॉडल में 5.4-इंच की आउटर डिस्प्ले और 7.6-इंच की इनर स्क्रीन दिए जाने की बात सामने आई है। यह स्क्रीन 4:3 आस्पेक्ट रेशियो के साथ आ सकती है। माना जा रहा है कि यह डिजाइन भविष्य में आने वाले Apple के फोल्डेबल iPhone को टक्कर देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।
ऑनलाइन सामने आई जानकारी के मुताबिक, Galaxy Z Fold 8 Ultra में इस बार 4400mAh की जगह 5000mAh की बैटरी दी जा सकती है। इसके साथ 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में Qualcomm का लेटेस्ट फ्लैगशिप Snapdragon चिपसेट देखने को मिल सकता है। इससे बेहतर स्पीड, अधिक पावर एफिशिएंसी और एडवांस Galaxy AI फीचर्स मिलने की संभावना जताई जा रही है।
कैमरा सेक्शन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन में 200MP का प्राइमरी कैमरा बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि, सेकेंडरी कैमरों में अपग्रेड देखने को मिल सकता है। लीक्स के मुताबिक, अल्ट्रा-वाइड कैमरा 12MP से बढ़कर 50MP हो सकता है और टेलीफोटो कैमरा 10MP से बढ़कर 12MP मिलने की संभावना है। इसके अलावा, कंपनी AI आधारित नए फोटोग्राफी और फोटो एडिटिंग फीचर्स भी जोड़ सकती है, जो हाल ही में लॉन्च हुए Galaxy AI इकोसिस्टम को और बेहतर बनाएंगे।
लीक्स के अनुसार, Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra की शुरुआती कीमत भारत में करीब 1,99,990 रुपये हो सकती है। यदि यह जानकारी सही साबित होती है, तो यह पिछले साल लॉन्च हुए Galaxy Z Fold 7 की शुरुआती कीमत 1,74,999 रुपये से लगभग 25,000 रुपये अधिक होगी।
हालांकि, फिलहाल इन सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। Galaxy Unpacked इवेंट के दौरान 22 जुलाई को कंपनी डिवाइस के फीचर्स, स्पेसिफिकेशंस और कीमत से जुड़े सभी डिटेल्स आधिकारिक तौर पर साझा करेगी।
यह भी पढ़े : 7000 कीमत बढ़ने के बाद फिर हुई धड़ाम..अब कितने में मिल रहा Samsung Galaxy M47 5G?