Samsung के लेटेस्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन Galaxy S26 Ultra को लेकर एक नया विवाद सामने आ रहा है। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि उनके फोन की स्क्रीन के बीच वाले हिस्से में ‘रेड टिंट’ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया और Reddit पर सामने आई इन शिकायतों के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है। फिलहाल Samsung ने इस समस्या को लेकर कोई आधिकारिक समाधान जारी नहीं किया है, लेकिन कंपनी ने यह पुष्टि ज़रूर की है कि वह इसकी जांच कर रही है।
मार्च 2026 में लॉन्च हुआ Samsung Galaxy S26 Ultra अपने प्रीमियम फीचर्स की वजह से अब तक काफी पॉपुलर है। हालांकि अब कुछ यूजर्स का कहना है कि फोन की डिस्प्ले के बीच में लाल रंग की परत जैसी दिखाई दे रही है।
इस समस्या की शुरुआत Reddit पर एक यूजर की पोस्ट से हुई। इसके बाद कई अन्य Galaxy S26 Ultra यूज़र्स ने भी दावा किया कि उन्हें अपने डिवाइस में इसी तरह की डिस्प्ले समस्या का सामना करना पड़ रहा है। देखते ही देखते यह समस्या एक बड़ा मुद्दा बन गई।
Galaxy S26 Ultra में Samsung ने पहली बार प्राइवेसी डिस्प्ले तकनीक का इस्तेमाल किया था। यह इन-हाउस टेक्नोलॉजी डिस्प्ले के पिक्सल्स को इस तरह कंट्रोल करती है कि साथ बैठे लोग स्क्रीन के कंटेंट को आसानी से न देख सकें।
लॉन्च के समय इस फीचर की काफी सराहना हुई थी, लेकिन अब सामने आ रही Red Tint की शिकायतों के बाद कुछ यूजर्स इस नई डिस्प्ले तकनीक को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों मामलों का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
Samsung ने फिलहाल इस समस्या के कारण का खुलासा नहीं किया है। हालांकि कंपनी ने पुष्टि की है कि वह मामले की अंदर से जांच कर रही है।
Samsung के एक प्रवक्ता ने कहा, “हम फिलहाल इस मामले की अंदर से जांच कर रहे हैं ताकि इसके कारण की पुष्टि की जा सके।”
यह पहली बार नहीं है जब Samsung के Galaxy S सीरीज के किसी फ्लैगशिप फोन की डिस्प्ले को लेकर सवाल उठे हों। इससे पहले भी कंपनी को अपनी प्रीमियम सीरीज के डिस्प्ले से जुड़ी समस्याओं के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
Samsung Galaxy S26 Ultra में 6.9-इंच का 120Hz Privacy Display AMOLED पैनल दिया गया है, जिसे Corning Gorilla Glass Victus 2 का प्रोटेक्शन मिलता है। फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 5,000mAh बैटरी और 60W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए इसमें क्वाड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 200MP का प्राइमरी सेंसर, 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा, 50MP का टेलीफोटो कैमरा और 10MP का दूसरा टेलीफोटो सेंसर शामिल है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 12MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 16 के साथ आता है। कंपनी इसके लिए 7 साल तक Android OS अपडेट देने का वादा भी करती है।
अगर आपके Samsung Galaxy S26 Ultra की स्क्रीन पर भी रेड टिंट दिखाई दे रहा है, तो बिना देरी किए नजदीकी सैमसंग सर्विस सेंटर जाकर डिवाइस की जांच करवाना बेहतर रहेगा। फिलहाल कंपनी इस समस्या की वजह पता लगाने में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी समाधान या अपडेट की उम्मीद की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: कौड़ियों के दाम मिल रहा फ्लैगशिप Samsung Galaxy S25 Ultra, सुनहरी डील देखते ही खरीदने दौड़ेंगे