Realme 20 नवम्बर को भारत में अपना Realme X2 Pro स्मार्टफोन लॉन्च करने वाला है जिसके साथ ही बजट स्मार्टफोन Realme 5s से भी पर्दा उठेगा। Realme 5s के लिए Flipkart पर लैंडिंग पेज तैयार किया गया है जिससे डिवाइस में मिलने वाले 48 मेगापिक्सल के क्वाड कैमरा और रियर फिंगरप्रिंट स्कैनर का खुलासा हुआ है। BGR India के हवाले से Realme 5s की लीक्ड स्पेसिफिकेशंस सामने आई हैं।
रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि Realme 5s पुराने Realme 5 का ही नया वर्जन होगा जिसे कैमरा में कुछ बदलाव के साथ पेश किया जाएगा। Realme 5 में मौजूद 12 मेगापिक्सल के कैमरा की जगह Realme 5s में 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया जाएगा। Realme 5s के अन्य तीन कैमरा Realme 5 की तरह ही काम करेगा। अपकमिंग Realme 5s में 48+8+2+2 मेगापिक्सल का क्वाड कैमरा सेटअप मिलेगा। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि कम्पनी डिवाइस में Sony IMX586 सेंसर का इस्तेमाल करेगी या Samsung के ISOCELL 48MP लेंस को शामिल करेगी।
Realme 5s में 6.5 इंच की HD+ डिस्प्ले मिलेगी जिसके टॉप पर एक वॉटर ड्रॉप नौच दिया जाएगा। डिस्प्ले को गोरिला ग्लास 3+ का प्रोटेक्शन दिया जा सकता है। फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर द्वारा संचालित किया जाएगा। फोन के बेस मॉडल को 4GB रैम और 64GB स्टोरेज के साथ पेयर किया जाएगा।
Realme 5s में 13 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिलेगा और डिवाइस में 5,000mAh की बैटरी मिलेगी। डिवाइस को एंड्राइड 9 पाई पर आधारित ColorOS 6 पर लॉन्च किया जाएगा।
Realme 5s के प्राइस के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। रियलमी अपने Realme 5s को लॉन्च करने के बाद Realme 5 का प्राइस कम कर सकता है या डिवाइस को डिसकंटिन्यु कर सकता है।