Oppo K14 Lite sale announced before launch know complete details
दिनभर स्मार्टफोन का भारी इस्तेमाल करने वाले और बार-बार चार्जर ढूंढने से तंग आ चुके यूजर्स को ध्यान में रखते हुए Oppo की ओर से एक नए फोन को इंडिया के बाजार में लॉन्च कर दिया गया है। इस फोन को कंपनी की K Series में लेकर आई है। फोन को कंपनी Oppo K14 Lite के तौर पर लॉन्च कर चुकी है। इस बजट-फ्रेंडली स्मार्टफोन को मुख्य रूप से लंबी बैटरी लाइफ, दमदार डिजाइन और स्मूद डिस्प्ले परफॉर्मेंस को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह नया फोन आधुनिक एआई टूल्स, बेहतर थर्मल कूलिंग और स्प्लैश-प्रूफ बॉडी जैसे कई जरूरी फीचर्स के साथ बाजार में आया है। आइए इसके प्राइस से लेकर इसकी अन्य सभी डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।
कीमत की बात करें तो Oppo K14 Lite को सिंगल स्टोरेज वेरिएंट यानी 4GB RAM + 64GB स्टोरेज में लॉन्च किया गया है, इस फोन को कंपनी 16,999 रुपये में लेकर आई है। पहली सेल और लॉन्च ऑफर के तौर पर चुनिंदा बैंक कार्ड्स के जरिए खरीदारी करने पर ग्राहकों को पूरे 1,000 रुपये का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट मिलने वाला है। इस ऑफर के बाद फोन की प्रभावी शुरुआती कीमत घटकर 15,999 रुपये बचने वाली है। इसके अलावा खरीदार 3 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई का भी लाभ उठा सकते हैं। फोन को दो खूबसूरत कलर शेड्स फेदर पर्पल (Feather Purple) और स्टोन ब्राउन (Stone Brown) में खरीदा जा सकता है। अगर आप फोन को खरीदना चाहते हैं तो यह आज से ही ओप्पो के आधिकारिक ई-स्टोर और फ्लिपकार्ट (Flipkart) पर मिल रहा है।
इस स्मार्टफोन का सबसे मुख्य आकर्षण इसका पावर बैकअप है। Oppo K14 Lite में 7,000mAh की जम्बो बैटरी मिलती है। कंपनी का आधिकारिक दावा है कि यह बैटरी सिंगल चार्ज पर 55.55 घंटे की वॉयस कॉलिंग, 26.84 घंटे का नॉन-स्टॉप यूट्यूब वीडियो प्लेबैक और 13.19 घंटे तक पबजी (PUBG Mobile) गेमिंग का बैकअप दे सकती है। ड्यूरेबिलिटी को देखा जाए तो ओप्पो का कहना है कि 1,800 चार्जिंग साइकिल्स के बाद भी यह बैटरी अपनी 80% से ज्यादा क्षमता बनाए रखेगी। चार्जिंग के लिए इसमें 15W चार्जिंग और वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर यह फोन दूसरे छोटे गैजेट्स के लिए पावरबैंक का काम भी कर सकता है।
डिस्प्ले को देखा जाए तो इस फोन में 6.75-इंच का HD+ (720 x 1,570 पिक्सल) डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz के फास्ट रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक जाती है। इस स्क्रीन की एक बड़ी खूबी इसका मल्टी-टच सपोर्ट है, जिसमें Splash Touch, Oily-Hand Touch और Glove Touch जैसी तकनीकें दी गई हैं। इसका मतलब है कि बारिश में गीले हाथों से, तेल लगे हाथों से या सर्दियों में दस्ताने (ग्लव्स) पहनकर भी टचस्क्रीन बिना किसी रुकावट के एकदम सही काम करने वाली है। फोन को पानी के हल्के छींटों और धूल से बचाने के लिए IP64 रेटिंग दी गई है।
परफॉर्मेंस के लेवल पर Oppo K14 Lite ऑक्टा-कोर Unisoc T7250 प्रोसेसर पर काम करता है। इसमें 4GB LPDDR4X रैम और 64GB UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है। फोन को लंबे समय तक ठंडा रखने के लिए इसमें 13,700 वर्ग मिमी का बड़ा थर्मल ग्रेफाइट कूलिंग एरिया दिया गया है। सॉफ्टवेयर आदि को देखा जाए तो इस फोन को कंपनी Android 16 पर लेकर आई है, जो ColorOS 16 की स्किन से भी लैस है। इसके साथ ही फोन में गूगल जेमिनी (Google Gemini) का सपोर्ट भी मिलता है।
कैमरा सेटअप के तौर पर इस फोन के रियर पैनल पर ऑटोफोकस के साथ 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जबकि वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए फ्रंट में 5-मेगापिक्सल का सेल्फी शूटर मौजूद है। कैमरा ऐप में पोर्ट्रेट, नाइट और टाइम-लैप्स मोड्स के अलावा फोटो एडिटिंग के लिए AI Eraser, AI Clear Face और AI Smart Image Matting 2.0 जैसे आधुनिक जेनेरेटिव एआई टूल्स शामिल किए गए हैं।