भारत में स्मार्टफोन खरीदना अब पहले जितना आसान नहीं रहा है. कीमतें लगातार बदल रही हैं और यूजर्स के लिए सही टाइम पर खरीदारी करना मुश्किल होता जा रहा है. इसी बीच OnePlus ने एक बार फिर OnePlus 15R की कीमत बढ़ा दी है, और इस बार बढ़ोतरी नजरअंदाज करना मुश्किल है.
यह कोई पहली बार नहीं है जब इस फोन की कीमत बढ़ी है. लॉन्च के कुछ ही महीनों के भीतर यह दूसरी बार है जब OnePlus 15R महंगा हुआ है, जिससे साफ है कि कंपनी भी बढ़ती लागत के दबाव में है.
अब अगर आप इस फोन को खरीदने का सोच रहे हैं, तो आपको पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. बेस वेरिएंट जो लॉन्च के समय 47,999 रुपये में आया था, अब बढ़कर 54,999 रुपये हो चुका है. वहीं 12GB + 512GB वैरिएंट की कीमत 59,999 रुपये तक पहुंच गई है. यानी कुल मिलाकर इस फोन की कीमत लॉन्च के मुकाबले 7,000 रुपये तक बढ़ चुकी है.
कंपनी ने इस बढ़ोतरी की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार RAM, स्टोरेज और चिपसेट की बढ़ती लागत इसके पीछे की बड़ी वजह है.
अब सवाल यह है कि क्या इस नई कीमत पर OnePlus 15R अभी भी वैल्यू देता है या नहीं. सच कहें तो लॉन्च के समय यह फोन 50,000 रुपये के अंदर एक मजबूत फ्लैगशिप विकल्प लगता था. लेकिन अब लगभग 55,000 रुपये की कीमत पर यह कई नए और ज्यादा संतुलित विकल्पों के बीच फंस जाता है.
मार्केट में अब OnePlus 13s, Vivo V70 और Google Pixel 10 जैसे फोन मौजूद हैं, जो इसी रेंज में बेहतर कैमरा, सॉफ्टवेयर या बैलेंस्ड परफॉर्मेंस ऑफर करते हैं. ऐसे में OnePlus 15R को चुनना अब उतना सीधा फैसला नहीं रह गया है.
हालांकि स्पेसिफिकेशन के मामले में यह फोन अभी भी मजबूत है. इसमें 6.83 इंच AMOLED डिस्प्ले के साथ 165Hz रिफ्रेश रेट, Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर, Android 16 आधारित OxygenOS 16, 50MP कैमरा और 7400mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. 80W फास्ट चार्जिंग भी इसे पावरफुल बनाती है.
लेकिन सिर्फ स्पेसिफिकेशन ही सब कुछ नहीं होता, खासकर जब कीमत लगातार बढ़ रही हो.
दिलचस्प बात यह है कि यह ट्रेंड सिर्फ OnePlus तक सीमित नहीं है. Realme ने भी हाल ही में अपनी Realme 16 सीरीज के कुछ फोनों की कीमत बढ़ाई है. कंपनी ने साफ कहा है कि मेमोरी, चिपसेट और अन्य कंपोनेंट्स की लागत बढ़ने की वजह से ऐसा करना पड़ा.
यानी साफ है कि आने वाले समय में स्मार्टफोन और महंगे हो सकते हैं. अगर आप अपग्रेड का सोच रहे हैं, तो इंतजार करने के बजाय सही डील मिलने पर जल्दी फैसला लेना ज्यादा समझदारी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: फौरन मिलेगा ट्रेन का तत्काल टिकट, बड़े काम की है ये छोटी-सी ट्रिक, आज ही नोट कर लें तरीका