हाल ही में एक लीक से ख़बर सामने आई थी कि HMD Global अगस्त में एक बड़ा इवेंट आयोजित करने वाला है जिसमें Nokia 6.2 और Nokia 7.2 स्मार्टफोंस को लॉन्च किया जाएगा। लीक से स्मार्टफोंस की स्पेसिफिकेशंस का पता नहीं चला था। चीनी पब्लिकेशन ITHome की रिपोर्ट के ज़रिए, Nokia 6.2 स्मार्टफोन की कुछ की-स्पेसिफिकेशंस सामने आई हैं।
HMD Global के Nokia 6 लाइनअप को यूज़र्स की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। Nokia 6 को 2017 की शुरुआत में पेश किया गया था जिसकी जगह 2018 में Nokia 6.1 ने ली। अब नोकिया फैन्स बेसब्री से Nokia 6.2 का इंतज़ार कर रहे हैं। नई जानकारी से उम्मीद लगाई जा रही है कि Nokia 6.2 को अगस्त में Nokia 7.2 के साथ ही लॉन्च किया जाएगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि फ़िनलैंड की कम्पनी चीन में आयोजित इवेंट में दोनों स्मार्टफोंस को लॉन्च करेगी।
अप्रैल में HMD Global ने Nokia X71 स्मार्टफोन को पेश किया गया जो पंच-होल डिस्प्ले डिज़ाइन के साथ आया था। ऐसा माना जा रहा है कि Nokia 6.2 समान डिज़ाइन के साथ Nokia X71 का छोटा एडिशन होगा। यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि Nokia 6.2 में 6 इंच की फुल HD+ रेज़ोल्यूशन वाली AMOLED डिस्प्ले मिलेगी जिस पर पंच-होल फ्रंट कैमरा दिया जाएगा। Nokia 6.2 स्मार्टफोन में स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर मिलेगा जिसे 6GB की रैम के साथ पेयर किया जाएगा और डिवाइस में 64GB का इंटरनल स्टोरेज मिलेगा।
Nokia 6.2 में ZEISS लेंस के साथ वर्टिकल ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जाएगा जिसमें एक 20 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड शूटर और 5 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर दिया जाएगा। अभी फ्रंट कैमरा की जानकारी हासिल नहीं हुई है। Nokia 6.2 में 3,300mAh की बैटरी मिल सकती है और फोन को एंड्राइड 9 पाई पर लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
चीन में Nokia 6.2 के 4GB रैम वैरिएंट की कीमत 1,199 Yuan (~$174) रखी जा सकती है। बात करें 6GB रैम वैरिएंट की तो यह 1,499 Yuan (~$217) में लॉन्च हो सकता है। स्मार्टफोन के कलर वैरिएंट का खुलासा नहीं हुआ है।