स्मार्टफोन बाजार के लिए जुलाई का महीना फोल्डेबल स्मार्टफोन्स के नाम रहा। इस दौरान Samsung ने Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 जैसे प्रीमियम डिवाइसेज पेश किए। वहीं Poco, iQOO और Nothing ने भी अपने नए स्मार्टफोन लॉन्च कर बाजार में हलचल मचाई। अब अगस्त 2026 भी स्मार्टफोन लॉन्च के लिहाज से काफी व्यस्त रहने वाला है। इस महीने Google अपनी नई Pixel 11 सीरीज पेश करने जा रहा है। इसके अलावा Vivo, Poco, Redmi और Samsung भी अपने नए स्मार्टफोन बाजार में उतारने की तैयारी में हैं। आइए अगस्त में लॉन्च होने वाले प्रमुख स्मार्टफोन्स के बारे में जानते हैं।
Google ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि Pixel 11 सीरीज को 12 अगस्त को भारत समेत ग्लोबल बाजारों में लॉन्च किया जाएगा। इस सीरीज में Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल होने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी बताया है कि लॉन्च के दिन से ही इन स्मार्टफोन्स की प्री-बुकिंग शुरू हो जाएगी। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक नई सीरीज में बेहतर Tensor प्रोसेसर, अपग्रेडेड कैमरा सिस्टम और रियर पैनल पर नया Pixel Glow LED फीचर देखने को मिल सकता है।
Vivo ने अपनी लोकप्रिय S-सीरीज की भारत में वापसी की पुष्टि कर दी है। हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है और सिर्फ “Coming Soon” का संकेत दिया है। वहीं टिप्स्टर अभिषेक यादव के अनुसार Vivo S2 को 6 अगस्त को लॉन्च किया जा सकता है। माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन प्रीमियम मिड-रेंज सेगमेंट में उतारा जाएगा और इसका डिजाइन इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक होगा।
Poco ने घोषणा की है कि Poco M8 Power 5G भारत में 4 अगस्त को दोपहर 12 बजे लॉन्च होगा। कंपनी पहले ही फोन के ऑरेंज कलर वेरिएंट की झलक दिखा चुकी है। साथ ही इसमें AMOLED डिस्प्ले और 8,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की भी पुष्टि की गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह स्मार्टफोन Redmi Note 17 5G का रीब्रांडेड वर्जन हो सकता है।
Redmi ने भारत में अपने नए Note सीरीज स्मार्टफोन को टीज करना शुरू कर दिया है, जिसे Redmi Note 17 माना जा रहा है। टिप्स्टर अभिषेक यादव के मुताबिक यह स्मार्टफोन 6 अगस्त को लॉन्च हो सकता है, जबकि इसकी पहली सेल 11 अगस्त को आयोजित किए जाने की संभावना है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस डिवाइस में 8,000mAh की बैटरी, OLED डिस्प्ले और 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिल सकता है।
Samsung का आगामी Galaxy F70 Pro हाल ही में Geekbench डेटाबेस पर देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिले हैं। लीक्स के अनुसार इस स्मार्टफोन में 6.7 इंच का Super AMOLED डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट, 6000mAh की बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है। कैमरे की बात करें तो इसमें 50 मेगापिक्सल का OIS सपोर्ट वाला प्राइमरी कैमरा मिलने की उम्मीद है।
लीक जानकारी के अनुसार यह फोन तीन स्टोरेज वेरिएंट में आ सकता है और इसकी शुरुआती कीमत 32,999 रुपये रहने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Samsung इसे अगस्त के दूसरे हिस्से में लॉन्च कर सकता है।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today, 29 July 2026: आज फिर सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी तेज़ गिरावट, जानें आज के ताजा रेट