Google Pixel 4 लाइनअप के लॉन्च होने में अभी समय बाकी है लेकिन स्मार्टफोंस के बारे में रुमर्स का सिलसिला जारी है। गूगल ने अपने ट्विटर अच्चुंत के ज़रिए आगामी फ्लैगशिप डिवाइस की एक तस्वीर साझा कर डिज़ाइन की पुष्टि की है। BGR की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों से डिवाइस के स्क्रीन साइज़ और रैम आदि का पता चला है।
रिपोर्ट के अनुसार, Google Pixel 4 की डिस्प्ले का रेज़ोल्यूशन 2280×1080 पिक्सल होगा और इसका एस्पेक्ट रेश्यो 19:9 होगा। इसी तरह Pixel 4XL में 3040×1440 पिक्सल रेज़ोल्यूशन और 19:9 एस्पेक्ट रेश्यो की डिस्प्ले मिल सकती है। Pixel 3 और 3XL में क्रमश: 18:9 और 18.5:9 एस्पेक्ट रेश्यो और 2160×1080 और 2960×1440 रेज़ोल्यूशन की डिस्प्ले मिली थी लेकिन इस साल फोंस में बड़ी डिस्प्ले मिलने की उम्मीद की जा रही है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों स्मार्टफोंस Pixel 4/4XL में 128GB का स्टोरेज मिलेगा। हालांकि, यह साफ़ नहीं हुआ है कि यह बेस वैरिएंट होगा या हाई वैरिएंट। रैम की बात करें तो Google Pixel 4 और Pixel 4XL में 6GB रैम मिलने की संभावना है जो कि पहली बार होगा जब किसी पिक्सल डिवाइस को 4GB से अधिक रैम मिली हो।
अन्य रुमर्स को मानें तो Google Pixel 4/4XL में स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर, डुअल कैमरा सेटअप मिल सकता है। यह गूगल पिक्सल की पहली सीरीज़ होगी जो एक से अधिक रियर कैमरा के साथ आएगी।
Google Pixel 4 और Pixel 4 XL को अक्टूबर में लॉन्च किया जा सकता है।