भारत में स्मार्टफोन खरीदने वाले यूजर्स अभी OnePlus 15R की कीमत बढ़ने से संभल भी नहीं पाए थे कि अब OnePlus का एक और फोन महंगा हो गया है. इस बार बात हो रही है OnePlus Nord 6 की, जिसे कंपनी ने पिछले महीने ही लॉन्च किया था.
नई कीमतें अब Amazon और OnePlus की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव हो चुकी हैं, और यह बढ़ोतरी इतनी बड़ी है कि फोन अब एक अलग प्राइस सेगमेंट में पहुंच गया है.
OnePlus Nord 6 के 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले बेस वैरिएंट की कीमत अब 41,999 रुपये हो गई है, जबकि लॉन्च के समय यही मॉडल 38,999 रुपये में आया था. वहीं 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला वैरिएंट अब 46,999 रुपये में मिल रहा है, जो पहले 41,999 रुपये का था. यानी सीधे तौर पर इस फोन पर 5,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
यह बदलाव अब एक अलग घटना नहीं लगती, बल्कि पूरे स्मार्टफोन इंडस्ट्री में एक ट्रेंड बनता जा रहा है. मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की कीमत बढ़ने की वजह से कई कंपनियां लॉन्च के कुछ हफ्तों या महीनों बाद कीमतें बढ़ा रही हैं.
OnePlus Nord 6 Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 पर चलता है. कंपनी ने इसमें चार बड़े Android अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है.
फोन में 6.78 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट और 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आता है. डिस्प्ले में 3840Hz PWM डिमिंग और 3600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट भी दिया गया है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm का Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो 12GB तक LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ आता है.
कैमरा की बात करें तो फोन में 50MP Sony LYT-600 प्राइमरी सेंसर दिया गया है, जिसमें OIS और EIS सपोर्ट मिलता है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी दिया गया है. फ्रंट में 32MP का सेल्फी कैमरा मिलता है, जो वीडियो कॉल और सोशल मीडिया के लिए अच्छा माना जा सकता है.
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9000mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है, जो इस सेगमेंट में बहुत कम देखने को मिलती है. फोन में 80W फास्ट चार्जिंग, बायपास चार्जिंग और 27W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है. इसके अलावा फोन में IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसे हाई-लेवल डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग्स भी मिलती हैं.
सच्चाई यह है कि ₹38,999 की कीमत पर यह फोन काफी मजबूत वैल्यू ऑफर करता था. लेकिन 41,999 रुपये और 46,999 रुपये की नई कीमत पर यह अब सीधे उन फोनों से टक्कर ले रहा है, जो पहले से ही इस सेगमेंट में बेहतर ऑप्शन माने जाते हैं. यानी अब यह फैसला आसान नहीं रहा कि Nord 6 लेना चाहिए या नहीं.
अगर आपको बड़ी बैटरी, मजबूत डिस्प्ले और लेटेस्ट चिपसेट चाहिए तो यह अभी भी एक अच्छा विकल्प है, लेकिन कीमत बढ़ने के बाद इसका आकर्षण पहले जैसा नहीं रहा.
यह भी पढ़ें: फौरन मिलेगा ट्रेन का तत्काल टिकट, बड़े काम की है ये छोटी-सी ट्रिक, आज ही नोट कर लें तरीका