देश में पारंपरिक कुकिंग के तरीके जैसे LPG सिलेंडर और इंडक्शन के बाद अब एक नया विकल्प सामने आया है. सरकारी तेल कंपनी Indian Oil Corporation ने “Surya Nutan” नाम का इंडोर सोलर कुकिंग सिस्टम पेश किया है. इसका लॉन्च 2022 में तय था, लेकिन अब इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो गई है.
इस टेक्नोलॉजी की सबसे खास बात यह है कि इसमें खाना बनाने के लिए न गैस की जरूरत होती है और न ही डायरेक्ट बिजली की, बल्कि यह पूरी तरह सोलर एनर्जी पर आधारित है.
Surya Nutan को खासतौर पर भारतीय घरों के लिए डिजाइन किया गया है. यह पारंपरिक सोलर कुकर से अलग है, क्योंकि इसमें सीधे धूप की जरूरत नहीं होती. घर की छत पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जिन्हें एक केबल के जरिए किचन में लगे कुकटॉप से जोड़ा जाता है. इसके बाद किचन के अंदर ही सोलर एनर्जी से खाना बनाया जा सकता है.
आमतौर पर सोलर डिवाइस को लेकर यह चिंता रहती है कि बारिश या कम धूप में वे काम नहीं करेंगे. लेकिन Surya Nutan के साथ ऐसा नहीं है. इस सिस्टम को जरूरत पड़ने पर बिजली से भी चलाया जा सकता है, जिससे यह हर मौसम में इस्तेमाल के लिए उपयुक्त बन जाता है.
कंपनी इस सोलर कुकिंग सिस्टम को तीन अलग-अलग मॉडल्स में पेश कर रही है. इसका बेस मॉडल करीब 12,000 रुपये से शुरू होता है, जबकि प्रीमियम मॉडल की कीमत लगभग 23,000 रुपये तक जाती है. प्रीमियम वेरिएंट एक सामान्य परिवार के पूरे दिन का खाना आसानी से बना सकता है. आने वाले समय में डिमांड बढ़ने पर इसकी कीमत में और कमी आ सकती है.
अगर आप इस सिस्टम को खरीदना चाहते हैं, तो इसकी प्री-बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है. इसके लिए कंपनी की वेबसाइट पर जाकर नाम, ईमेल और परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी जानकारी भरनी होगी.
साथ ही आपको सिंगल या डबल बर्नर का विकल्प चुनना होगा. सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट करना होता है. यह आइडिया काफी अच्छा है, लेकिन असली टेस्ट इसका ग्राउंड लेवल पर होगा. अगर इंस्टॉलेशन आसान रहा और कीमत वाकई किफायती रही, तो यह आने वाले समय में LPG का बड़ा विकल्प बन सकता है.
यह भी पढ़ें: घर बैठे करें Aadhaar में मोबाइल नंबर अपडेट, जान लें स्टेप बाय स्टेप गाइड, बस एक ऐप से हो जाएगा काम