POCO C85x 5G को भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है. यह स्मार्टफोन कम्पनी की C-सीरीज का नया बजट डिवाइस है, जिसमें बड़ी स्क्रीन, दमदार बैटरी और डुअल रियर कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं. फन में वॉटर-ड्रॉप स्टाइल नॉच डिज़ाइन के साथ फ्रंट कैमरा दिया गया है और कम्पनी ने इसकी परफॉर्मेंस को भी काफी पावरफुल बताया है. चलिए फटाफट एक नज़र इसके स्पेक्स, फीचर्स और कीमत वगैरह पर डाल लेते हैं.
पोको के इस नए फोन में 6.9-इंच की बड़ी डिस्प्ले दी गई है, जिसमें 120Hz तक का रिफ्रेश रेट मिलता है. इसके अलावा, इसमें 240Hz टच सैम्पलिंग रेट भी दिया गया है. इस डिवाइस में Unisoc Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है. फोन में 8GB तक LPDDR4x RAM का सपोर्ट दिया गया है, जिसमें 4GB वर्चुअल RAM शामिल है. इसके साथ UFS 2.2 स्टोरेज भी उपलब्ध है. ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए इसमें Android 16 पर आधारित Xiaomi HyperOS मौजूद है.
फोटोग्राफी के लिए फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है. इसमें 32MP का एआई प्राइमरी सेंसर और एक सेकंडरी कैमरा दिया गया है और इसके साथ LED फ़्लैश भी मौजूद है. 8MP के फ्रंट कैमरा के लिए स्क्रीन में वॉटर-ड्रॉप नॉच डिज़ाइन दिया गया है.
इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है. POCO C85x 5G में 6300mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. कम्पनी का दवा है कि यह फोन एक बार चार्ज करने पर लगभग दो दिन तक चल सकता है. इसमें 15W वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है, साथ ही 7.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी दी गई है. इस्तेमाल के हिसाब से यह फोन 35 घंटे से ज्यादा वीडियो प्लेबैक, 20 घंटे से ज्यादा सोशल मीडिया ब्राउज़िंग, 14 घंटे से ज्यादा गेमिंग और लगभग 50 घंटे से ज्यादा वॉइस कॉलिंग का बैकअप दे सकता है. कम्पनी का यह भी कहना है कि 1000 चार्जिंग साइकिल के बाद भी बैटरी की क्षमता लगभग 80% तक बनी रहती है.
अतिरिक्त फीचर्स की बात करें तो POCO C85x 5G में 3.5mm हेडफोन जैक, USB टाइप-C पोर्ट, माइक्रोफोन और स्पीकर ग्रिल जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसमें डुअल स्पीकर सिस्टम भी मौजूद है, जो 200% “सुपर वॉल्यूम” एन्हांसमेंट सपोर्ट करता है.
POCO C85x 5G को भारत में ब्लैक, गोल्ड और ग्रीन कलर ऑप्शंस में लॉन्च किया गया है. इसकी कीमत 4GB + 64GB वेरिएंट के लिए 10,999 रुपये रखी गई है, जबकि 4GB + 128GB मॉडल की कीमत 11,999 रुपये है. यह स्मार्टफोन 14 मार्च से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Flipkart पर सेल के लिए उपलब्ध होगा।