Android फोन खतरे में! नया मैलवेयर बना रहा टारगेट, ऐसे रहें सावधान

Cybersecurity रिसर्चर्स ने एक नए Android मैलवेयर का पता लगाया है. इसका नाम Perseus है. यह खतरनाक मालवेयर आपके फोन से संवेदनशील जानकारी चुरा सकता है और यहां तक कि आपके डिवाइस पर पूरी तरह कंट्रोल भी हासिल कर सकता है. इसे ThreatFabric की Mobile Threat Intelligence टीम ने खोजा है, और रिपोर्ट साफ बताती है कि यह पुराने मालवेयर जैसे Cerberus और Phoenix से भी ज्यादा एडवांस और खतरनाक है.

नोट्स को भी करता है टारगेट

सबसे चिंताजनक बात यह है कि Perseus सिर्फ पासवर्ड या लॉगिन डिटेल चोरी करने तक सीमित नहीं है. यह सीधे उन नोट्स को टारगेट करता है, जिनमें लोग अक्सर बैंक डिटेल, पासवर्ड, OTP या निजी जानकारी सेव कर लेते हैं. अगर आप सोचते हैं कि Notes ऐप सुरक्षित जगह है, तो यह सोच गलत साबित हो सकती है.

जिन नोट-टेकिंग ऐप्स को इससे खतरा बताया गया है, उनमें Google Keep, Xiaomi Notes, Samsung Notes, ColorNote, Evernote, Microsoft OneNote और Simple Notes जैसे लोकप्रिय ऐप शामिल हैं. यानी यह कोई छोटा खतरा नहीं है, बल्कि लगभग हर Android यूजर इसके दायरे में आ सकता है.

Perseus की ताकत

Perseus की सबसे बड़ी ताकत इसका तरीका है. यह आपके फोन के Accessibility फीचर का इस्तेमाल करता है, जो आमतौर पर सहूलियत के लिए बनाया गया होता है. इसी के जरिए यह स्क्रीन पर होने वाली हर गतिविधि को पढ़ सकता है, ऐप्स के अंदर नेविगेट कर सकता है और आपके नोट्स तक पहुंचकर उन्हें रिकॉर्ड कर सकता है. इसका मतलब यह है कि अगर आपने कहीं भी संवेदनशील जानकारी लिखी है, तो वह सीधे हैकर के पास पहुंच सकती है.

इससे भी ज्यादा खतरनाक बात यह है कि यह मैलवेयर आपके फोन को रिमोटली कंट्रोल कर सकता है. यानी हैकर आपके डिवाइस पर क्या हो रहा है, उसे लाइव देख सकता है और जरूरत पड़ने पर खुद ऑपरेट भी कर सकता है. यह किसी साधारण वायरस की तरह नहीं है, बल्कि पूरा सिस्टम अपने कब्जे में लेने की क्षमता रखता है.

Perseus को पकड़ना भी आसान नहीं है. इसमें ऐसे एंटी-एनालिसिस सिस्टम लगे हैं जो इसे सिक्योरिटी टूल्स से छिपाकर रखते हैं. यानी यह चुपचाप आपके फोन में रह सकता है और आपको पता भी नहीं चलेगा.

यह मालवेयर अक्सर उन ऐप्स के जरिए फैलता है जो Google Play Store पर नहीं होते, खासकर IPTV या फ्री कंटेंट देने वाले APK फाइल्स के जरिए. लोग इन्हें डाउनलोड करते समय यह नहीं समझ पाते कि वे अपने फोन में खुद खतरा इंस्टॉल कर रहे हैं.

अगर आपको लगता है कि यह खतरा दूर है, तो ऐसा नहीं है. ऐसे मालवेयर धीरे-धीरे हर मार्केट में फैलते हैं, और एक बार फोन संक्रमित हो गया तो नुकसान सीधा पैसे और डेटा दोनों का हो सकता है.

बचाव के लिए सबसे पहले अपनी आदत बदलनी पड़ेगी. फोन के नोट्स में कभी भी बैंक डिटेल, पासवर्ड या निजी जानकारी सेव मत करें. जो पहले से सेव है, उसे तुरंत हटाएं. इसके अलावा फोन को हमेशा लेटेस्ट अपडेट पर रखें और सिर्फ भरोसेमंद प्लेटफॉर्म जैसे Google Play Store से ही ऐप डाउनलोड करें. इंटरनेट से APK फाइल डाउनलोड करना सीधा जोखिम है.

अगर आप सच में अपने डेटा को लेकर गंभीर हैं, तो एक अच्छा एंटीवायरस इस्तेमाल करना भी जरूरी है. आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ फोन नहीं, आपकी पूरी डिजिटल जिंदगी है और Perseus जैसे मालवेयर इसी पर सीधा हमला कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :