mAadhaar ऐप जल्द हो रहा बंद, UIDAI ने लॉन्च किया नया Aadhaar ऐप, कई गुना बेहतर हैं नए फीचर्स

By

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया यानी UIDAI ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि मौजूदा mAadhaar ऐप को जल्द बंद किया जाएगा। इसकी जगह अब यूज़र्स को नए Aadhaar ऐप का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। UIDAI के मुताबिक नया ऐप पहले के मुकाबले ज्यादा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक डिजिटल अनुभव प्रदान करेगा।

इस घोषणा की जानकारी UIDAI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए साझा की। नए प्लेटफॉर्म को “स्मार्ट, तेज और ज्यादा सुरक्षित डिजिटल यात्रा” बताया गया है। नया आधार ऐप फिलहाल Android और iPhone दोनों यूज़र्स के लिए गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है।

नए Aadhaar ऐप में क्या मिलेगा?

नए आधार ऐप में प्राइवेसी, बायोमेट्रिक सुरक्षा और आसान पहचान सत्यापन से जुड़े कई एडवांस फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें QR कोड आधारित आधार शेयरिंग सुविधा दी गई है, जिसके जरिए यूज़र अपना पूरा आधार नंबर बताए बिना पहचान सत्यापित कर सकते हैं।

ऐप में “Selective Share” नाम का नया फीचर भी शामिल किया गया है। इसकी मदद से नागरिक तय कर सकेंगे कि वे वेरिफिकेशन के दौरान कौन-कौन सी जानकारी साझा करना चाहते हैं। इसके अलावा ऐप ऑफलाइन वेरिफिकेशन को भी सपोर्ट करता है, जहां अधिकृत टर्मिनल पर QR कोड स्कैन करके पहचान सत्यापित की जा सकती है।

UIDAI के अनुसार नया प्लेटफॉर्म 13 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिससे देश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के लिए इसे इस्तेमाल आसान होगा।

बायोमेट्रिक लॉक और फैमिली प्रोफाइल फीचर

नए ऐप में बायोमेट्रिक लॉक कंट्रोल की सुविधा भी दी गई है। यूज़र सीधे ऐप के जरिए अपने फिंगरप्रिंट, फेस और आइरिस ऑथेंटिकेशन को लॉक कर सकते हैं, ताकि किसी तरह के गलत इस्तेमाल से बचाव हो सके। जरूरत पड़ने पर यही लॉक बाद में ऐप के माध्यम से हटाया भी जा सकता है। इसके अलावा ऐप में एक अकाउंट के तहत अधिकतम पांच परिवार के सदस्यों को जोड़ने की सुविधा भी दी गई है। यह विकल्प Profile सेक्शन में उपलब्ध होगा।

हालांकि UIDAI ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर यूज़र अपने लिंक्ड मोबाइल नंबर या डिवाइस का एक्सेस खो देते हैं, तो Aadhaar से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच अस्थायी रूप से बाधित हो सकती है।

नए Aadhaar ऐप को कैसे करें सेटअप?

  • सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड करना होगा।
  • इसके बाद ऐप खोलकर अपनी पसंदीदा भाषा चुनें।
  • फिर आधार से लिंक मोबाइल नंबर या किसी अन्य नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करें।
  • अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें और OTP वेरिफिकेशन पूरा करें।
  • इसके बाद सही रोशनी में फेस ऑथेंटिकेशन करना होगा।
  • आखिर में छह अंकों का ऐप पासवर्ड बनाना होगा।

सेटअप पूरा होने के बाद यूज़र डिजिटल आधार कार्ड एक्सेस कर सकेंगे, बायोमेट्रिक लॉक मैनेज कर पाएंगे और सुरक्षित तरीके से पहचान संबंधी जानकारी साझा कर सकेंगे।

फिलहाल UIDAI ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पुराने mAadhaar ऐप का डेटा अपने आप नए ऐप में ट्रांसफर होगा या नहीं। ऐसे में पुराने यूज़र्स को नए ऐप पर प्रोफाइल दोबारा मैन्युअली सेटअप करनी पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें: Poco-Lava ने फिर बढ़ाए स्मार्टफोन्स के दाम, 3000 रुपये तक महंगे हुए फोन, जानें अब कितने में मिलेंगे

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By