भारतीय मोबाइल हैंडसेट ब्रांड, लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने अपने ग्राहकों को उनके स्थान पर सेवा और मरम्मत की सुविधा प्रदान करने के लिए एक अनूठा ग्राहक सेवा कार्यक्रम ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ शुरू किया है। लावा की ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ सेवा के तहत ग्राहकों को अपने फोन को ठीक करने के लिए अब सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी।
इस सेवा को फिलहाल यूपी, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक और बिहार के जिलों में लॉन्च किया गया है और इसे साल के अंत तक 300 से अधिक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा। वर्तमान में लावा के पूरे देश में 800 से अधिक सर्विस सेंटर है।
इस लॉन्च के बारे में बोलते हुए, सत्य सती, हेड- कस्टमर सर्विस, लावा इंटरनेशनल ने कहा- “अपने ग्राहकों को बिक्री के बाद सर्वोत्तम सेवा समय पर प्रदान करना हमेशा से ही हमारा लक्ष्य रहा है। हम समझते हैं कि आजकल के कठिन समय के दौरान ग्राहकों के लिए निकटतम सेवा केंद्र जानाcआसान नहीं है। इसलिये हमने इस अनूठे कार्यक्रम के बारे में सोचा जिसके माध्यम से हम अपने सेवा केंद्रों को अपने ग्राहकों तक ले जा सकते हैं। ”
लावा अधिकृत टेकनीशियन के माध्यम से सर्विस ऑन व्हील्स’ सेवा की पेशकश की जा रही है जो ग्रामीण स्थानों सहित आसपास के क्षेत्रों / बाजारों की यात्रा करेंगे और अपने ग्राहकों की मदद करेंगे। ये लावा अधिकृत टेकनीशियन सोशल डिस्टन्सिंग का पालन करेंगे। टेकनीशियन सभी आवश्यक स्पेयर पार्ट्स और उपकरणों को ले जाएगा और मौके पर हैंडसेट की मरम्मत करेगा। किसी भी बड़ी मरम्मत के मामले में हैंडसेट को सेवा केंद्र में ले जाया जाएगा और सर्विस ऑन व्हील्स की अगली यात्रा के दौरान ग्राहक को दिया जाएगा।