IRCTC में तत्काल का बदल गया नियम, टिकट बुक करने से पहले जरूर समझ लें ये बात, वर्ना नहीं मिलेगी सीट

Updated on 23-Feb-2026

IRCTC Rule Changed: अगर आप भी IRCTC से Tatkal Ticket लेते हैं तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है. भारतीय रेल की ऑनलाइन टिकटिंग शाखा Indian Railway Catering and Tourism Corporation ने अपने प्लेटफॉर्म पर टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए Aadhaar वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है. रिपोर्ट के अनुसार अब ऑनलाइन टिकट रिजर्व करने से पहले यात्रियों को अपनी पहचान की पुष्टि Aadhaar ऑथेंटिकेशन के जरिए करनी होगी.

Tatkal और ARP टिकट पर खास फोकस

IRCTC ने स्पष्ट किया है कि यह कदम वास्तविक यात्रियों को फायदा पहुंचाने और Tatkal तथा Advance Reservation Period यानी ARP टिकटों की बुकिंग को आसान बनाने के लिए उठाया गया है. निगम ने अपने बयान में कहा कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम के दुरुपयोग और Tatkal टिकटों में संभावित फर्जी बुकिंग रोकने के लिए नए उपाय लागू किए गए हैं.

संशोधित नियमों के अनुसार, ARP खुलने के दिन केवल वही यूजर टिकट बुक कर पाएंगे जिनका अकाउंट Aadhaar से वेरिफाइड होगा. जिन यात्रियों ने अभी तक Aadhaar से अपने अकाउंट को वेरिफाइड नहीं किया है, वे आरक्षण खुलने के पहले दिन टिकट बुक नहीं कर सकेंगे.

Tatkal टिकट बुकिंग के लिए भी Aadhaar वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है. यह कदम हाई डिमांड Tatkal कोटा में पारदर्शिता लाने और सिस्टम के दुरुपयोग को कम करने के लिए उठाया गया है.

OTP आधारित वेरिफिकेशन से बढ़ी उपलब्धता

IRCTC के अनुसार Aadhaar आधारित वन टाइम पासवर्ड यानी OTP वेरिफिकेशन को चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया. 4 दिसंबर 2025 तक यह प्रणाली 322 ट्रेनों में चालू थी. इसके बाद करीब 65 प्रतिशत ट्रेनों में कन्फर्म Tatkal टिकट की उपलब्धता का समय बढ़ा है.

रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने 10 दिसंबर 2025 को लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि जहां Aadhaar आधारित OTP वेरिफिकेशन लागू हुआ, वहां अधिकतर ट्रेनों में टिकट उपलब्धता में सुधार देखा गया.

संदिग्ध यूजर आईडी पर कार्रवाई

रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में IRCTC ने 3.03 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी को ब्लॉक किया है. यह कदम ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम के दुरुपयोग और Tatkal टिकट में फर्जी बुकिंग को रोकने के लिए उठाया गया.

निगम का कहना है कि Aadhaar आधारित वेरिफिकेशन ने अनधिकृत अकाउंट बनाने और संचालित करने पर रोक लगाई है. इससे Tatkal और ARP टिकटों का निष्पक्ष आवंटन सुनिश्चित हुआ है और वास्तविक यात्रियों के लिए टिकट उपलब्धता बेहतर हुई है.

क्या बदल जाएगा आम यात्रियों के लिए?

अब साफ है कि बिना Aadhaar वेरिफिकेशन के ऑनलाइन टिकट बुकिंग आसान नहीं रहेगी, खासकर Tatkal और आरक्षण खुलने के पहले दिन. यह कदम उन लोगों के लिए चुनौती बन सकता है जिन्होंने अभी तक अपना IRCTC अकाउंट Aadhaar से लिंक नहीं किया है.

लेकिन अगर आंकड़े सही साबित होते हैं और टिकट उपलब्धता में वाकई सुधार होता है, तो यह फैसला वास्तविक यात्रियों के लिए राहत लेकर आ सकता है.

यह भी पढ़ें: कब बना था आपका फोन? जानें स्मार्टफोन की सही उम्र, ये है छोटी-सी ट्रिक, मिनटों में मिल जाएगी पूरी कुंडली

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :