Train Ticket Rule Change: ट्रेन का कन्फर्म टिकट कैंसिल कराने पर कटने वाले पैसों से अगर आप भी परेशान हैं तो भारतीय रेलवे आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी लेकर आया है. अब आपको अपनी यात्रा की तारीख बदलने के लिए टिकट कैंसिल करने और कैंसलेशन चार्ज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रेलवे जल्द ही एक नया फीचर लाने जा रहा है, जिससे आप अपने कन्फर्म टिकट की तारीख को ऑनलाइन ही बदल पाएंगे.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद इस बात की घोषणा की है. उम्मीद है कि यह सुविधा जनवरी 2026 से शुरू हो जाएगी. आइए, जानते हैं कि यह नया नियम कैसे काम करेगा और इससे आपको कितना फायदा होगा.
फिलहाल, अगर आपके ट्रैवल प्लान में कोई बदलाव होता है तो आपके पास अपने कन्फर्म टिकट को कैंसिल करने और फिर एक नया टिकट खरीदने के अलावा कोई चारा नहीं होता. इस प्रोसेस में आपको भारी-भरकम कैंसलेशन चार्ज देना पड़ता है.
उदाहरण के लिए, अगर आप ट्रेन छूटने से 48 से 12 घंटे पहले टिकट कैंसिल करते हैं, तो किराए का 25% हिस्सा कट जाता है. और अगर आप इसके बाद कैंसिल करते हैं, तो यह कटौती 50% तक हो जाती है, जिससे आपकी जेब पर सीधा असर पड़ता है.
जनवरी 2026 से, आपको IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ‘रीशेड्यूल’ या तारीख बदलने का एक नया ऑप्शन मिलेगा. यह प्रोसेस बहुत आसान होगा.
रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि यह बदलाव उन यात्रियों के लिए समय और पैसा, दोनों बचाएगा जो अक्सर काम या व्यक्तिगत कारणों से यात्रा करते हैं. यह भारतीय रेलवे के चल रहे डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का ही एक हिस्सा है. आपको याद दिला दें कि हाल ही में रेलवे ने टिकटिंग सिस्टम में सुधार के लिए कुछ और बड़े बदलाव भी किए हैं. इसमें 1 अक्टूबर से बुकिंग के पहले 15 मिनट में आधार ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य करना शामिल है.