काम वाकई कठिन होता है. हम सब कभी न कभी काम से ब्रेक लेना चाहते हैं, थोड़ा आराम करना चाहते हैं या फिर बस थोड़ा नाचना चाहते हैं. अब ऐसा लगता है कि यह भावना सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, क्योंकि एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक ह्यूमनॉइड रोबोट काम छोड़कर अचानक डांस करने लगता है और पूरा माहौल ही बदल देता है.
यह वीडियो अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक चाइनीज रेस्टोरेंट का बताया जा रहा है. वीडियो में एक ह्यूमनॉइड रोबोट नजर आता है, जिसने “I’m good” लिखा हुआ एक क्यूट एप्रन पहना हुआ है और उसके चेहरे पर LED की बड़ी सी स्माइल दिख रही है. लेकिन जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, रोबोट अचानक टेबल पर रखे सामान को गिरा देता है और ऐसा लगता है कि उसने काम करना छोड़ दिया है और अब वह सिर्फ डांस करने के मूड में है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि रोबोट टेबलवेयर को गिराने के बाद अपने हाथ हिलाते हुए डांस करना शुरू कर देता है. एक स्टाफ मेंबर उसे पीछे से पकड़कर रोकने की कोशिश करता है. शुरुआत में माहौल हल्का और मजेदार लगता है, लोग हंस रहे होते हैं और स्टाफ भी मुस्कुरा रहा होता है. लेकिन रोबोट रुकने का नाम नहीं लेता और वह अपने डांस में पूरी तरह मग्न रहता है, जैसे वह ग्राहकों को शो देने के लिए ही बना हो.
कुछ ही देर में तीन स्टाफ मेंबर मिलकर रोबोट को पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन किसी को समझ नहीं आता कि इसे कैसे रोका जाए. इस दौरान रोबोट की स्क्रीन पर दो बड़ी आंखें दिखाई देती रहती हैं, जो उसे और ज्यादा क्यूट बनाती हैं, जबकि वह लगातार डांस करता रहता है.
वीडियो देखने के लिए यहां पर क्लिक करें.
आखिरकार यह अनोखा “परफॉर्मेंस” खत्म होता है. रोबोट एक डैब मूव करता है और रुक जाता है, जैसे उसने स्टाफ को चिढ़ाने के लिए आखिरी स्टाइलिश मूव किया हो. इसके बाद स्टाफ वहां से हट जाता है और पूरा सीन ऐसा लगता है जैसे रोबोट ने बाजी मार ली हो.
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना साउदर्न कैलिफोर्निया में Haidilao के एक आउटलेट में हुई थी और यह संभवतः Disney की फिल्म “Zootopia 2” के प्रमोशनल इवेंट का हिस्सा था. बताया जाता है कि Haidilao की पैरेंट कंपनी ऑटोमेटेड किचन और रोबोट डिलीवरी सिस्टम में पहले से निवेश कर रही है.
Daily Beast की रिपोर्ट के अनुसार यह रोबोट पूरी तरह ऑटोनॉमस नहीं था, बल्कि रिमोट कंट्रोल के जरिए ऑपरेट किया जा रहा था. इसे इस तरह प्रोग्राम किया गया है कि यह ग्राहकों से इंटरैक्ट करे, जैसे हाई-फाइव देना, हाथ मिलाना या हेलो कहना.
रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि एक कर्मचारी ने गलती से “crazy dance” बटन दबा दिया, जिसके बाद यह पूरा हंगामा हुआ. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी और रोबोट के रुकने के बाद स्थिति सामान्य हो गई.
यह घटना एक तरह से यह भी दिखाती है कि रोबोट अभी पूरी तरह से इंसानों की जगह लेने के लिए तैयार नहीं हैं. हालांकि दूसरी तरफ, हाल ही में चीन में रोबोट्स ने स्प्रिंग फेस्टिवल में बेहद सटीक डांस परफॉर्मेंस भी दी है. वहीं Elon Musk और Tesla भी Optimus ह्यूमनॉइड रोबोट को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं, और पिछले साल Musk ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें यह रोबोट बिना किसी इंसानी मदद के Kung Fu करता नजर आया था.
यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना