सावधान! WhatsApp पर भूल कर भी न करें ये गलती, भारत सरकार की चेतावनी, सीधे खानी होगी जेल की हवा

Updated on 28-Nov-2025

“घर बैठे कमाएं हजारों रुपये”, “बस एक छोटा सा टास्क पूरा करें और पेमेंट पाएं” – क्या आपको भी सोशल मीडिया या मैसेज पर ऐसे लुभावने ऑफर्स आते हैं? अगर हां, तो सावधान हो जाइए. यह आसान कमाई का मौका नहीं, बल्कि आपको एक बड़े क्राइम का हिस्सा बनाने की साजिश हो सकती है.

गृह मंत्रालय के तहत आने वाली इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने एक बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है. स्कैमर्स अब एक नए तरीके से लोगों को फंसा रहे हैं. वे आपको सिर्फ एक WhatsApp QR कोड स्कैन करने के लिए कहते हैं, और पलक झपकते ही आपके WhatsApp का पूरा कंट्रोल उनके पास चला जाता है.

इसके बाद, आपके नंबर का इस्तेमाल दुनिया भर में फ्रॉड करने के लिए किया जाता है, और फंसते आप हैं. आइए, इस खतरनाक WhatsApp Mule स्कैम के बारे में विस्तार से जानते हैं.

कैसे काम करता है यह ‘WhatsApp Mule’ स्कैम?

आइए, आपको सबसे पहले इस स्कैम की पूरी मोडस ऑपरेंडी (काम करने का तरीका) समझाते हैं. इसकी शुरुआत सोशल मीडिया (Instagram, Telegram, Facebook) पर विज्ञापनों या संदेशों से होती है, जो आसान इनकम या ‘ऑनलाइन जॉब’ का वादा करते हैं.

स्कैमर्स आपसे संपर्क करते हैं और कहते हैं कि आपको बस एक छोटा सा डिजिटल टास्क करना है. वे आपको एक वेबसाइट या ऐप पर ले जाते हैं और वहां एक WhatsApp Web QR कोड दिखाते हैं. वे आपसे कहते हैं कि इसे अपने फोन से स्कैन करें ताकि आपकी ‘हाजिरी’ लग सके या ‘रजिस्ट्रेशन’ हो सके.

जैसे ही आप उस कोड को स्कैन करते हैं, आप अनजाने में स्कैमर के डिवाइस को अपने WhatsApp से लिंक कर देते हैं. यह ठीक वैसा ही है जैसे आप अपने लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाते हैं.

एक बार कोड स्कैन हो गया, तो स्कैमर आपके अकाउंट का एक ‘ऑथराइज्ड यूजर’ बन जाता है. अब वह आपके मैसेज पढ़ सकता है, आपके दोस्तों को मैसेज भेज सकता है, और आपके कॉन्टैक्ट्स देख सकता है. सबसे डरावनी बात यह है कि यह सब बैकग्राउंड में होता है, इसलिए आपको पता भी नहीं चलता कि आपका अकाउंट हैक हो चुका है.

आपके नंबर से हो सकता है इंटरनेशनल फ्रॉड

एडवाइजरी में कहा गया है कि ऐसे अकाउंट्स को प्रभावी रूप से “म्यूल व्हाट्सएप अकाउंट्स” (Mule WhatsApp Accounts) के रूप में किराए पर लिया जा रहा है. इसका मतलब है कि स्कैमर्स (जो अक्सर भारत के बाहर बैठे होते हैं) अपनी पहचान छिपाने के लिए आपके भारतीय नंबर का इस्तेमाल करते हैं.

वे आपके नंबर से लोगों को फिशिंग लिंक्स भेजते हैं, पैसे मांगते हैं, या निवेश के नाम पर ठगते हैं. चूंकि मैसेज एक जाने-पहचाने नंबर (आपके नंबर) से जाता है, इसलिए लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं. अगर पुलिस जांच करती है, तो नंबर आपका निकलता है और दरवाजा आपका खटखटाया जाता है.

बचाव ही सुरक्षा है: तुरंत करें ये काम

QR कोड से बचें: किसी भी अजनबी द्वारा भेजे गए WhatsApp QR कोड को स्कैन न करें, चाहे वह कितने भी पैसे देने का वादा करे.

‘लिंक्ड डिवाइसेज’ चेक करें: अपने WhatsApp की सेटिंग्स में जाएं और ‘Linked Devices’ चेक करें. अगर वहां कोई अनजान ब्राउजर (जैसे Chrome, Windows) दिखता है जिसे आपने कनेक्ट नहीं किया, तो उसे तुरंत ‘Log Out’ कर दें.

टू-स्टेप वेरिफिकेशन: सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत के लिए Two-step verification हमेशा ऑन रखें.

लालच में न आएं: याद रखें, कोई भी लेजिटिमेट काम आपको अपना WhatsApp अकाउंट ‘किराए’ पर देने या लिंक करने के लिए पैसे नहीं देगा. आपका WhatsApp आपकी पहचान है, इसे चंद रुपयों के लिए गिरवी न रखें.

यह भी पढ़ें: हो गया खुलासा, भारत में इस दिन लॉन्च होगा OnePlus 15R, साथ में ये प्रोडक्ट भी होगा पेश, जानें सभी डिटेल्स

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :