Google I/O 2026 में Google ने अपने Gemini AI प्लेटफॉर्म को लेकर बड़े अपडेट्स का ऐलान किया है. इस बार फोकस साफ है, AI को सिर्फ स्मार्ट नहीं बल्कि ज्यादा तेज, विजुअल और इंटरैक्टिव बनाना है. कंपनी ने Gemini 3.5 Flash और Gemini Omni जैसे नए मॉडल पेश किए हैं, साथ ही Gemini ऐप को भी पूरी तरह से रिफ्रेश किया गया है.
सबसे पहले बात करें Gemini 3.5 Flash की, तो यह मॉडल स्पीड और परफॉर्मेंस के बीच बैलेंस बनाने के लिए डिजाइन किया गया है. कंपनी का दावा है कि यह न सिर्फ तेजी से जवाब देता है, बल्कि कोडिंग और रीजनिंग में भी बेहतर है. यहां तक कि कई बेंचमार्क में यह पुराने Gemini 3.1 Pro से भी आगे निकलता दिख रहा है.
इस मॉडल की खास बात यह है कि यह लंबे समय तक चलने वाले टास्क संभाल सकता है, यानी आप इसे जटिल वर्कफ्लो के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा यह sub-agents डिप्लॉय करने और इंटरैक्टिव UI बनाने में भी सक्षम है. इसे धीरे-धीरे Gemini ऐप और Google Search के AI मोड में रोलआउट किया जा रहा है.
अब बात करते हैं Gemini Omni की, जो इस इवेंट का सबसे बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है. यह एक मल्टीमॉडल वीडियो AI मॉडल है, यानी आप टेक्स्ट, इमेज, ऑडियो और वीडियो क्लिप्स को मिलाकर पूरी वीडियो बना सकते हैं. लेकिन असली फर्क यहां आता है एडिटिंग में.
जहां पहले AI वीडियो टूल्स सिर्फ टेक्स्ट से वीडियो बनाते थे, वहीं Gemini Omni आपको पहले से बने वीडियो को टेक्स्ट के जरिए बदलने की ताकत देता है. आप सीन, कैरेक्टर और विजुअल एलिमेंट्स तक बदल सकते हैं.
Google का कहना है कि इस मॉडल में रियल-वर्ल्ड फिजिक्स की समझ भी बेहतर की गई है, जैसे मूवमेंट, ग्रैविटी और फ्लूड बिहेवियर, जिससे वीडियो ज्यादा रियलिस्टिक दिखेंगे. साथ ही दुरुपयोग को रोकने के लिए इसमें SynthID डिजिटल वॉटरमार्क भी जोड़ा गया है.
Gemini Omni का पहला वर्जन, Gemini Omni Flash, अब रोलआउट हो रहा है और इसे Gemini ऐप, Google Flow और YouTube Shorts पर इस्तेमाल किया जा सकेगा. हालांकि, कुछ फीचर्स सिर्फ पेड सब्सक्रिप्शन यूजर्स के लिए ही उपलब्ध रहेंगे.
इन सबके अलावा Gemini ऐप को भी नया लुक मिला है, जिसे Neural Expressive इंटरफेस कहा जा रहा है. इसमें नए एनिमेशन, बेहतर टाइपोग्राफी और स्मूद यूजर एक्सपीरियंस दिया गया है.
एक और बड़ा बदलाव Gemini Live में आया है, जहां अब यूजर्स वॉयस और टेक्स्ट के बीच आसानी से स्विच कर सकते हैं. इसके साथ ही जवाब अब सिर्फ टेक्स्ट तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि टाइमलाइन, ग्राफिक्स और विजुअल एक्सप्लेनेशन के रूप में भी मिलेंगे.
यह भी पढ़ें: फौरन मिलेगा ट्रेन का तत्काल टिकट, बड़े काम की है ये छोटी-सी ट्रिक, आज ही नोट कर लें तरीका