X Down: Elon Musk के स्वामित्व वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) इस समय दुनियाभर में डाउन हो गया है। अमेरिका में बड़ी संख्या में यूजर्स ने प्लेटफॉर्म के डाउन होने की शिकायत की है, जबकि भारत में भी हजारों लोगों ने लॉगिन और फीड रिफ्रेश से जुड़ी दिक्कतें बताई हैं। हालांकि, यह नंबर लगातार बढ़ रहे हैं जिसकी वजह से दुनियाभर में खलबली मची हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, Downdetector पर शाम करीब 6:48 बजे भारतीय समयानुसार 42,000 से अधिक यूजर्स ने समस्या दर्ज कराई। इससे संकेत मिलता है कि यह कोई मामूली तकनीकी गड़बड़ी नहीं बल्कि व्यापक आउटेज हो सकता है।यूजर्स ने बताया कि वे X पर पोस्ट नहीं देख पा रहे हैं, नई पोस्ट अपलोड करने में परेशानी हो रही है और ऐप या वेबसाइट लोड नहीं हो रही। कुछ यूजर्स को एरर मैसेज भी दिखाई दे रहे हैं।
X की ओर से फिलहाल इस व्यवधान पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, इस तरह की स्थिति में आमतौर पर कंपनी तकनीकी टीम के जरिए समस्या की पहचान और समाधान पर काम करती है।
भारत में भी कुछ यूजर्स ने X पर लॉगिन समस्या, टाइमलाइन रिफ्रेश न होने और पोस्ट न खुलने की शिकायत की है। हालांकि अमेरिका की तुलना में यहां शिकायतों की संख्या कम बताई जा रही है। Downdetector के डेटा के अनुसार, समस्या की रिपोर्ट अचानक बढ़ी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह सर्वर या नेटवर्क स्तर की तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है। भारत में 3000 से ज्यादा लोगों ने इसको लेकर रिपोर्ट किया है।
अगर X ऐप या वेबसाइट काम नहीं कर रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में आमतौर पर कुछ समय बाद सेवा बहाल कर दी जाती है। यूजर्स ऐप को रीस्टार्ट कर सकते हैं, इंटरनेट कनेक्शन चेक कर सकते हैं या कुछ देर बाद दोबारा कोशिश कर सकते हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आउटेज कितनी देर तक रहेगा और इसकी असली वजह क्या है। जैसे ही कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक अपडेट आएगा, स्थिति और साफ हो पाएगी।
यह भी पढ़ें: नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी! UPI से निकाल पाएंगे PF के पैसे, EPFO के मोबाइल ऐप से चुटकियों में होगा काम