अगर आप भी इंटरनेट चलाने के लिए Google Chrome का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने देश के करोड़ों Chrome यूजर्स के लिए एक ‘हाई-सेवेरिटी’ वाली चेतावनी जारी की है. इस चेतावनी के मुताबिक, क्रोम में कुछ ऐसी खतरनाक खामियां पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स सिर्फ एक फर्जी वेबसाइट पर क्लिक करवाकर आपका सारा डेटा चुरा सकते हैं.
यह खतरा Windows, Mac, और Linux, सभी यूजर्स के लिए है. भारत सरकार का यह अलर्ट लाखों PC/Mac यूजर्स को स्थिति से अवगत करा रहा है और उनसे इन चिंताओं पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कह रहा है.
यह अलर्ट इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम या CERT-In द्वारा 18 सितंबर को जारी किया गया है और इसमें Windows, macOS और Linux जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स पर Google Chrome के यूजर्स के लिए ‘हाई-सेवेरिटी’ अलर्ट है.
CERT-In के अलर्ट में दावा किया गया है कि Chrome ब्राउजर के कुछ बेहद जरूरी हिस्सों, जैसे V8 (जावास्क्रिप्ट इंजन), ANGLE (ग्राफिक्स इंजन), Dawn और WebRTC (रियल-टाइम कम्युनिकेशन) में कई कमजोरियां पाई गई हैं. आपको इन तकनीकी नामों में उलझने की जरूरत नहीं है, बस यह समझिए कि ये ब्राउजर के वो हिस्से हैं जो उसे ठीक से चलाने में मदद करते हैं.
हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर एक खास तरह का वेब पेज या लिंक बना सकते हैं. जैसे ही आप गलती से उस लिंक पर क्लिक करेंगे, हैकर्स को आपके सिस्टम का एक्सेस मिल सकता है. वे आपकी संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं या आपके खिलाफ एक फिशिंग कैंपेन चला सकते हैं.
यह खतरा Chrome इस्तेमाल करने वाले लगभग सभी यूजर्स के लिए है. CERT-In ने साफ तौर पर बताया है कि कौन से वर्जन खतरे में हैं:
Windows/Mac यूजर्स के लिए: Google Chrome वर्जन 140.0.7339.185/.186 से पहले के सभी वर्जन.
Linux यूजर्स के लिए: Google Chrome वर्जन 140.0.7339.185 से पहले के सभी वर्जन. अगर आप इनमें से कोई भी पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपका डिवाइस खतरे में है.
अब जब आप खतरे के बारे में जान गए हैं, तो सबसे जरूरी काम है इससे बचना. और इसका तरीका बहुत ही आसान है – अपने Chrome ब्राउजर को तुरंत अपडेट करें. Google ने इन खामियों को ठीक करने के लिए नया अपडेट जारी कर दिया है. अपडेट करने के लिए यह स्टेप्स फॉलो करें:
अपने Chrome ब्राउजर के ऊपरी दाएं कोने में बनी तीन डॉट्स (Menu) पर क्लिक करें.
इसके बाद, ‘Help’ पर जाएं और फिर ‘About Google Chrome’ पर क्लिक करें.
इस पर क्लिक करते ही, Chrome अपने आप अपडेट्स के लिए चेक करेगा और अगर कोई नया वर्जन उपलब्ध है, तो उसे डाउनलोड और इंस्टॉल करना शुरू कर देगा.
अपडेट इंस्टॉल होने के बाद, आपको ब्राउजर को री-लॉन्च (Relaunch) करने के लिए कहा जाएगा. बस री-लॉन्च पर क्लिक करें और आप सुरक्षित हैं!