भारत में कैब-हेलिंग सेक्टर आज एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। Bharat Taxi आज आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में लॉन्च होने जा रही है। यह सेवा सहकारी मॉडल पर आधारित है और इसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज, 5 फरवरी को, इस ऐप का अधिकारिक शुभारंभ करेंगे।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा भारत टैक्सी आज लॉन्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि सहयोग के माध्यम से कैसे बड़ी शुरुआत की जा सकती है, इसका उदाहरण भारत टैक्सी है। उन्होंने कहा कि आज का दिन टैक्सी चालक भाई-बहनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके द्वारा शुरू की गई सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा का शुभारंभ नई दिल्ली में होने जा रहा है।
अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि भारत टैक्सी के माध्यम से चालक भाई-बहन न केवल अधिक मुनाफा कमा सकेंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी बनेंगे। उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग लेने की उत्सुकता भी व्यक्त की।
भारत टैक्सी एक राइड-हेलिंग ऐप है, जो सहकारी मॉडल पर काम करता है और जिसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है। सहकारिता मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक स्टेटमेंट के अनुसार, इस सेवा में ड्राइवरों को स्वामित्व, संचालन और वैल्यू बढ़ाने के केंद्र में रखा गया है।
सरकार का कहना है कि यह मॉडल ड्राइवरों को निजी कंपनियों द्वारा होने वाले शोषण से बचाने में मदद करेगा। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह पहल सीधे तौर पर भारत सरकार द्वारा संचालित नहीं है। इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड चला रही है, जिसे अमूल से जुड़े रहे कुछ प्रमुख लोगों का समर्थन प्राप्त है।
इस सहकारी मॉडल में हर ड्राइवर कोऑपरेटिव के पांच शेयर का मालिक होगा। निजी कैब एग्रीगेटर्स के विपरीत, भारत टैक्सी हर राइड पर कोई कमीशन नहीं काटेगी। यह कदम ड्राइवरों की उस पुरानी शिकायत को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जिसमें वे ऊंचे कमीशन दरों से परेशान रहे हैं। कमीशन की जगह ड्राइवरों को ऐप इस्तेमाल करने के लिए रोजाना 30 रुपये का एक तय शुल्क देना होगा।
यात्रियों के लिए यह सेवा फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इसके किराए निजी कंपनियों की तुलना में करीब 30 प्रतिशत तक सस्ते हो सकते हैं। ज़ीरो-कमीशन मॉडल के कारण किराए में होने वाली बचत का सीधा लाभ यात्रियों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें कम दाम में कैब सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: 5 फरवरी 2026 का सोने-चांदी का भाव: लगातार तीसरे दिन उछाल, फिर चढ़ते जा रहे सोने-चांदी के दाम, देखें ताज़ा रेट