Android यूजर्स के लिए बुरी खबर! नए वायरस से हाहाकार, ऐप डिलीट करने के बाद भी फोन का डेटा करता था एक्सेस

HIGHLIGHTS

Google Play के 50+ ऐप्स में खतरनाक मालवेयर मिला

23 लाख से ज्यादा डाउनलोड के बाद ऐप्स हटाए गए

यह रूटकिट अटैक फोन के सिस्टम में छिपकर काम करता है

Android यूजर्स के लिए एक बड़ी चेतावनी आई है. एक नया वायरस आपके फोन को पूरी तरह से हाईजैक कर सकता है. McAfee की एक नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि Google Play Store पर मौजूद 50 से ज्यादा ऐप्स के जरिए खतरनाक एंड्रॉयड मालवेयर फैलाया गया था. इन ऐप्स को प्लेटफॉर्म से हटाए जाने से पहले 23 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका था, जिससे बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं.

कैसे काम करता है यह हमला?

इस मालवेयर अभियान को “Operation NoVoice” नाम दिया गया है. इसे साइबर एक्सपर्ट्स ने रूटकिट अटैक की श्रेणी में रखा है. यह ऐसा मालवेयर होता है जो डिवाइस के सिस्टम के अंदर गहराई तक जाकर छिप जाता है और यूजर को इसकी भनक तक नहीं लगती.

जब यूजर इन ऐप्स को डाउनलोड करता था, तो वे सामान्य ऐप्स की तरह ही काम जैसे फोन क्लीन करना, गेम चलाना या फोटो मैनेज करना करते थे. लेकिन बैकग्राउंड में यह ऐप्स एक रिमोट सर्वर से कनेक्ट होकर डिवाइस की जानकारी भेजते थे, जिसमें हार्डवेयर, ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी अपडेट से जुड़ी जानकारी शामिल होती थी.

इसके बाद हमलावर उसी डिवाइस के अनुसार एक्सप्लॉइट कोड भेजते थे. अगर यह सफल हो जाता, तो मालवेयर को रूट लेवल एक्सेस मिल जाता, जिससे डिवाइस पर पूरा कंट्रोल हासिल किया जा सकता है. इसके बाद सिस्टम की मुख्य लाइब्रेरी को बदल दिया जाता, जिससे किसी भी ऐप के अंदर छुपकर कोड चलाया जा सकता है.

किसे है सबसे ज्यादा खतरा?

रिपोर्ट के अनुसार, पुराने या अपडेट न किए गए एंड्रॉयड डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स सबसे ज्यादा जोखिम में हैं. हालांकि, नए और अपडेटेड डिवाइस इस खास अटैक से कुछ हद तक सुरक्षित हैं, लेकिन खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

कैसे करें खुद को सुरक्षित?

  • अपने फोन में इंस्टॉल ऐप्स की जांच करें और अनजान ऐप्स तुरंत हटाएं
  • इसके अलावा, यूजर्स को सलाह दी गई है कि फोन को हमेशा अपडेट रखें
  • नए ऐप डाउनलोड करते समय सावधानी बरतें, चाहे वह आधिकारिक ऐप स्टोर से ही क्यों न हो.
  • कुछ मामलों में यह मालवेयर इतना एडवांस होता है कि इसे हटाने के लिए डिवाइस का फर्मवेयर दोबारा इंस्टॉल करना पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: हैकर उड़ा सकता है आपका Instagram अकाउंट! आज ही तगड़ी कर लें सिक्योरिटी, हैक होने पर ऐसे मिलेगा वापस

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :