Amazon India ने भारत में आधिकारिक तौर पर Amazon Music Unlimited लॉन्च कर दिया है. यह प्रीमियम म्यूजिक स्ट्रीमिंग सेवा पहले अमेरिका समेत कई देशों में उपलब्ध थी और अब भारतीय यूजर्स भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. नई सेवा के साथ यूजर्स को विज्ञापन मुक्त म्यूजिक, HD और Ultra HD ऑडियो, Dolby Atmos आधारित Spatial Audio और ऑफलाइन डाउनलोड जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
कंपनी का कहना है कि इस लॉन्च के जरिए भारतीय ग्राहकों को उनकी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग म्यूजिक स्ट्रीमिंग विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे.
Amazon Music Unlimited की मासिक कीमत Prime मेंबरों के लिए 99 रुपये रखी गई है. वहीं, जिन यूजर्स के पास Prime सदस्यता नहीं है, उन्हें इसके लिए 119 रुपये प्रति माह चुकाने होंगे. इस प्लान के तहत 10 करोड़ से ज्यादा गानों, पॉडकास्ट और हाई-क्वालिटी ऑडियो कंटेंट का एक्सेस मिलेगा.
Amazon ने लॉन्च के साथ आकर्षक मुफ्त ट्रायल ऑफर भी पेश किया है. Prime सदस्य Amazon Music Unlimited का 6 महीने तक मुफ्त इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके बाद उनसे 99 रुपये प्रति माह शुल्क लिया जाएगा. वहीं Non-Prime यूजर्स को 3 महीने का मुफ्त ट्रायल मिलेगा. ट्रायल समाप्त होने के बाद उनसे 119 रुपये प्रति माह शुल्क लिया जाएगा.
कंपनी भारत में Amazon Music को तीन अलग-अलग स्तरों में उपलब्ध करा रही है. पहला Amazon Music Unlimited है, जिसमें विज्ञापन मुक्त म्यूजिक, ऑफलाइन डाउनलोड, HD, Ultra HD और Spatial Audio का लाभ मिलता है.
दूसरा Amazon Music for Prime Members है. इसमें 10 करोड़ से अधिक गानों और पॉडकास्ट का एक्सेस मिलता है, लेकिन कुछ सीमाओं के साथ और ऑफलाइन डाउनलोड की सुविधा नहीं मिलती. यह Prime सदस्यता के साथ बिना अतिरिक्त शुल्क के शामिल है.
तीसरा Amazon Music Free है, जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा. इसमें पूरा म्यूजिक कैटलॉग मिलेगा, लेकिन विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे.
Amazon Music Unlimited उन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जो बेहतर ऑडियो क्वालिटी चाहते हैं. इसमें HD, Ultra HD और Dolby Atmos आधारित Spatial Audio का सपोर्ट मिलता है, जिससे गानों को स्टूडियो क्वालिटी में सुना जा सकता है.
इसके अलावा यूजर्स बिना किसी विज्ञापन के म्यूजिक और पॉडकास्ट सुन सकेंगे. ऑफलाइन डाउनलोड फीचर की मदद से इंटरनेट न होने पर भी पसंदीदा गाने सुने जा सकते हैं.
भारत में पहले से Spotify, YouTube Music, Apple Music और JioSaavn जैसी सेवाएं मौजूद हैं. ऐसे में Prime यूजर्स के लिए 99 रुपये की कीमत और 6 महीने का मुफ्त ट्रायल Amazon Music Unlimited को काफी प्रतिस्पर्धी बना सकता है.
यह भी पढ़ें: स्क्रीनशॉट लेते ही कम हो जाती है क्वालिटी? जानें क्या है वजह, ऐसे मिलेगा HD फॉर्मेट