ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की दुनिया में Netflix दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है। यहां फिल्मों और वेब सीरीज का बड़ा खजाना मौजूद है, जिसे सिनेमा लवर्स खूब एंजॉय करते हैं। इन दिनों जहां सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है, वहीं एक चार साल पुरानी क्राइम थ्रिलर भी दर्शकों का जबरदस्त ध्यान खींच रही है। यह फिल्म इस समय नेटफ्लिक्स की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल है। यह फिल्म साल 2022 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि इसमें कोई बड़ा स्टार चेहरा नहीं था, फिर भी अपनी दमदार कहानी के कारण इसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
109 मिनट की यह क्राइम थ्रिलर एक बुजुर्ग कपल की कहानी बयां करती है, जो आर्थिक तंगी से जूझ रहे होते हैं। अपने बेटे की पढ़ाई के लिए वे एक स्थानीय साहूकार से कर्ज लेते हैं, लेकिन समय पर रकम वापस न कर पाने के कारण उन्हें अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है।
हालात से मजबूर होकर यह बुजुर्ग जोड़ा एक बड़ा कदम उठाता है और साहूकार की हत्या कर देता है। इसके बाद वे बड़ी चतुराई से सबूत मिटाने और अपराध को छिपाने की योजना बनाते हैं। काफी समय तक वे पुलिस को भ्रमित रखने में सफल भी रहते हैं, लेकिन आखिरकार कानून के शिकंजे से बच नहीं पाते, लेकिन फिर भी उन्हें जेल नहीं होती, आखिर क्यों? यह जानने के लिए आपको नेटफ्लिक्स पर ‘वध’ फिल्म देखनी होगी।
इस फिल्म में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। अपनी सशक्त कहानी और शानदार अभिनय के कारण यह फिल्म आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है और फिलहाल नेटफ्लिक्स की टॉप-10 लिस्ट में ट्रेंड कर रही है। इसे हिंदी सिनेमा की बेहतरीन क्राइम थ्रिलर फिल्मों में गिना जाता है।
फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसकी IMDb रेटिंग से भी लगाया जा सकता है। IMDb पर इसे 7.2 की रेटिंग मिली है, जो दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को दर्शाती है। इतना ही नहीं, 6 फरवरी को इस फिल्म का सीक्वल “वध 2” भी सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है, जिसे लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: 13 फरवरी का सोने-चांदी का भाव: आज कितना है गोल्ड-सिल्वर का प्राइस, जानें महंगे हुए या सस्ते