साल 2022 में रिलीज़ हुई एक ऐसी फिल्म ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, जो सच्ची घटना पर आधारित थी। महज़ 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 340 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सबको हैरान कर दिया था। यह फिल्म दो महीने से भी ज्यादा समय तक लगातार सिनेमाघरों में चलती रही और अपने संवेदनशील टॉपिक और भावनात्मक कहानी की वजह से चर्चा का केंद्र बनी रही। फिल्म के कई दृश्यों ने दर्शकों की रूह तक हिला दी, वहीं इसके डायलॉग्स ने लोगों को भीतर तक सोचने पर मजबूर कर दिया था।
IMDb पर 8.5 रेटिंग हासिल करने वाली यह फिल्म थी ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files)। विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास रच दिया था। फिल्म की कहानी दो टाइमलाइन्स में चलती है, एक हिस्सा वर्तमान समय की घटनाओं को दिखाता है, जबकि दूसरा 1990 के दशक की उस त्रासदी को उजागर करता है जिसने कश्मीर की धरती को हमेशा के लिए बदल दिया था।
द कश्मीर फाइल्स में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी और पुनीत इस्सर जैसे अनुभवी कलाकारों ने दमदार अभिनय किया है। कहानी के केंद्र में है कृष्णा पंडित (दर्शन कुमार), जो एक कॉलेज छात्र है। उसे हमेशा यही बताया गया था कि उसके माता-पिता की मौत एक हादसे में हुई थी, लेकिन जब उसके दादा पुष्कर नाथ पंडित (अनुपम खेर) का निधन होता है, तो वह उनकी अस्थियां विसर्जित करने के लिए कश्मीर जाता है, और वहीं उसे अपने परिवार के अतीत की दिल दहला देने वाली सच्चाई का पता चलता है।
फिल्म का मुख्य विषय 1990 के दशक में हुए कश्मीरी पंडितों के पलायन और नरसंहार पर आधारित है। विवेक अग्निहोत्री ने इस दर्दनाक ऐतिहासिक घटना को 2020 की परिस्थितियों से जोड़ते हुए इसे एक नरसंहार (Genocide) के रूप में प्रस्तुत किया है। इसकी कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि एक पूरे समुदाय के दर्द, बेबसी और संघर्ष की आवाज़ है।
अगर आप इस फिल्म को देखना चाहते हैं, तो इसे आप ZEE5 ऐप या वेबसाइट पर स्ट्रीम कर सकते हैं। लगभग 2 घंटे 50 मिनट लंबी यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं, बल्कि भारत के इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की गवाही है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।