अगर आपको साउथ सिनेमा और दिमाग को उलझा देने वाली मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्में पसंद हैं, तो हम आपके लिए एक शानदार विकल्प लेकर आए हैं। खास बात यह है कि यह सिर्फ सस्पेंस नहीं रखती, बल्कि ह्यूमर का तड़का लगाकर इसे एक एंटरटेनिंग थ्रिलर-कॉमेडी बना देती है। 52 मिलियन से ज्यादा यूट्यूब व्यूज और 8.3 की मजबूत IMDb रेटिंग पाने वाली फिल्म Agent Sai Srinivasa Athreya दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुकी है। कहानी एक ऐसे प्राइवेट डिटेक्टिव की है जो केस सुलझाते-सुलझाते खुद कानून के घेरे में फंस जाता है, और वहीं से खुलते हैं कई चौंकाने वाले राज और साजिशें।
फिल्म की जान इसका मुख्य किरदार आत्रेय है। वह किसी इंटरनेशनल जासूस जैसा स्टाइलिश या सुपरह्यूमन नहीं, बल्कि नेल्लोर का एक साधारण लेकिन खुद को बेहद जीनियस समझने वाला लोकल डिटेक्टिव है। उसकी अजीब आदतें, कॉन्फिडेंस और मजेदार अंदाज दर्शकों को तुरंत कहानी से जोड़ देते हैं।
कहानी की शुरुआत एक छोटे से केस से होती है, जहां रेलवे ट्रैक के पास लगातार मिल रही लावारिस लाशों की गुत्थी आत्रेय को उलझा देती है। जांच आगे बढ़ने पर मामला सिर्फ क्राइम नहीं रहता, बल्कि धर्म और आस्था के नाम पर चल रहे एक खतरनाक नेटवर्क का खुलासा करता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है। हालांकि, इस फिल्म की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह पारंपरिक, गंभीर जासूसी फिल्मों की तरह भारी नहीं लगती। निर्देशक Swaroop RSJ ने जांच-पड़ताल की गंभीरता और हल्की-फुल्की कॉमेडी के बीच शानदार संतुलन बनाया है।
मुख्य भूमिका निभाने वाले नवीन पॉलीशेट्टी हिंदी दर्शकों के लिए भी नया चेहरा नहीं हैं। उन्हें आपने Chhichhore में ‘एसिड’ के किरदार में देखा होगा। इस फिल्म में उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग के साथ-साथ गंभीर दृश्यों में भी शानदार अभिनय क्षमता दिखाई है, जो किरदार को यादगार बना देती है।
दिलचस्प बात यह भी है कि फिल्म असल जिंदगी की घटनाओं से प्रेरित बताई जाती है, जिसका संकेत अंत में दिखाई गई अखबार की कटिंग से मिलता है। लगभग 1 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर अपनी सफलता साबित की।
अगर आप कुछ नया, स्मार्ट और रोमांच से भरपूर देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। इसे आप YouTube, Amazon Prime Video और MX Player पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: UIDAI का बड़ा कदम! अब Google Maps पर जान पाएंगे आधार सेंटर से जुड़ी हर जानकारी, अपॉइंटमेंट भी होगा बुक