हाल ही में रिलीज हुई फिल्म मर्दानी 3 अभी भी सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित कर रही है। नई फिल्मों जैसे ओ रोमियो और तू या मैं के आने के बावजूद अभिनेत्री रानी मुखर्जी की इस क्राइम-ड्रामा मूवी की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है। इसी बीच फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। आजकल फिल्मों के डिजिटल और सैटेलाइट अधिकार अक्सर थिएटर रिलीज से पहले ही तय कर लिए जाते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत यशराज फिल्म्स के बैनर में बनी इस फिल्म के ओटीटी राइट्स पहले ही बेच दिए गए थे।
तय योजना के अनुसार यह फिल्म थिएटर रन पूरा करने के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर स्ट्रीम की जाएगी। मेकर्स ने इसकी ऑनलाइन रिलीज डेट भी पहले से घोषित कर दी है, जिसके मुताबिक 27 मार्च 2026 से दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे। यानी जो लोग अभी तक फिल्म नहीं देख पाए हैं और ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें अभी करीब एक महीने से ज्यादा का इंतजार करना होगा।
कहानी की बात करें तो इसमें भिखारी माफिया से जुड़े एक गंभीर अपराध को दिखाया गया है, जहां गरीब बच्चों के अंगों की तस्करी जैसे संवेदनशील मुद्दे को उठाया गया है।
फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें रानी मुखर्जी के अलावा मलिका प्रसाद मुख्य भूमिका में नज़र आएंगी। इसके अलावा जानकी बोडीवाला, जिश्शू सेनगुप्ता, नावेद असलम, इंद्रनील भट्टाचार्या और अन्य भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं।
कमाई के मामले में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है। 30 जनवरी को सिनेमाघरों में आई इस मूवी ने अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसी प्रदर्शन के आधार पर यह रानी मुखर्जी के करियर की एक और सफल फिल्मों में शामिल होने की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें: Google Pixel 10a vs Vivo V70: 50 हजार रुपये की रेंज में जबरदस्त मुकाबला, देखें स्पेक्स और कीमत की तुलना