ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्में और वेब सीरीज़ देखने वालों के बीच गांव और छोटे शहरों की कॉमेडी-ड्रामा कहानियां पिछले कुछ वर्षों में काफी लोकप्रिय हुई हैं। अगर आपने Panchayat, Dupahiya और Nirmal Pathak Ki Ghar Wapasi जैसी सीरीज़ देखी हैं, तो यहां हम आपको एक ऐसी सीरीज़ के बारे में बता रहे हैं, जिसे कई दर्शक इनसे भी ज्यादा खास मानते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसे अक्सर पंचायत की टक्कर की सीरीज़ कहा जाता है और IMDb पर इसकी रेटिंग भी उससे थोड़ी ज्यादा दर्ज की गई है।
यह सीरीज़ है ‘गुल्लक’, जो एक मिडिल क्लास भारतीय परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, संघर्ष और छोटे-छोटे सुख-दुख को बेहद सादगी और हास्य के साथ पेश करती है। अपनी भावनात्मक कहानी और रियलिस्टिक किरदारों के कारण इसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराहना मिली। अब तक इसके चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है। इसकी सहज कहानी, पारिवारिक भावनाएं और हल्की-फुल्की कॉमेडी इसे ऐसा शो बनाती हैं जिसे देखने के बाद दर्शक अगले सीजन का इंतजार नहीं कर पाते।
सीरीज़ की कहानी संतोष मिश्रा और शांति मिश्रा के परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके दो बेटे आनंद उर्फ “अन्नू भैया” और अमन हैं। इनके साथ पड़ोस की चर्चित किरदार “बिट्टू की मम्मी” भी कहानी में अहम भूमिका निभाती हैं। छोटे शहर की जिंदगी, नौकरी की परेशानियां, पारिवारिक जिम्मेदारियां और रिश्तों की गर्माहट को हल्के हास्य और इमोशनल पलों के साथ दिखाया गया है। इस शो को श्रेयंश पांडे ने The Viral Fever (TVF) के बैनर तले बनाया है, जिसने पहले भी Pitchers, Permanent Roommates, Hostel Daze, Aspirants, Sapne Vs Everyone और Kota Factory जैसे चर्चित शोज़ दिए हैं।
सीरीज़ में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, वैभव राज गुप्ता, हर्ष मेयर और सुनीता राजवार समेत कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शो का निर्माण लगभग 30 से 50 लाख रुपये के बजट में किया गया था, जिसमें क्राउडफंडिंग और सीमित प्रमोशन का सहारा लिया गया।
हर सीजन में कुल पांच एपिसोड वाली इस मिनी सीरीज़ को IMDb पर 9.1 की शानदार रेटिंग मिली है। कंटेंट-बेस्ड कहानी और पारिवारिक जुड़ाव की वजह से दर्शकों ने इसे खूब सराहा है। इसके सभी सीजन ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर उपलब्ध हैं, जहां इसका नया 5वां सीज़न भी जल्द ही रिलीज़ होने की पुष्टि हो चुकी है।